BRICS Summit 2026: दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने रविवार सुबह कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात ब्रेकफास्ट के दौरान हुई, जिसमें भारत-मलेशिया संबंधों समेत विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। कांग्रेस ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की हैं। तस्वीरों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अनवर इब्राहिम साथ नजर आ रहे हैं। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी देखने को मिली।
नाश्ते की मेज पर हुई राहुल-अनवर की बातचीत
कांग्रेस की ओर से साझा की गई तस्वीरों में एक तस्वीर में अनवर इब्राहिम के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा नजर आ रहे हैं। वहीं, एक अन्य तस्वीर में राहुल गांधी और मलेशियाई प्रधानमंत्री हाथ मिलाते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा अन्य तस्वीरों में तीनों नेता नाश्ते की मेज पर बातचीत करते नजर आए। इस दौरान कुछ अधिकारी भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि बातचीत में दोनों देशों के आपसी संबंधों और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई।
PM मोदी से मुलाकात के एक दिन बाद राहुल से मिले अनवर
राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम की यह मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मलेशियाई प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय बैठक के एक दिन बाद हुई है। शनिवार को दोनों नेताओं ने नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में मुलाकात की थी। इस बैठक में भारत और मलेशिया के बीच व्यापार, रक्षा, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया गया था।
BRICS में मलेशिया की साझेदारी
मलेशिया BRICS का साझेदार देश है और इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम दिल्ली पहुंचे हैं। BRICS शिखर सम्मेलन में कई देशों के शीर्ष नेता हिस्सा ले रहे हैं। वहीं सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कर रहे हैं। पीएम मोदी और अनवर इब्राहिम ने अपनी बैठक के दौरान फरवरी 2026 में हुई प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के परिणामों की भी समीक्षा की। दोनों पक्षों ने भारत-मलेशिया सहयोग को आगे बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की।
BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न विदेशी नेताओं के साथ मुलाकातों के बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ हुई मुलाकात ने भी ध्यान खींचा हैं। नाश्ते के दौरान हुई इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद यह बैठक चर्चा में आ गई। इस दौरान भारत-मलेशिया संबंधों समेत विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई।