Food To Avoid at Night: दिनभर की भागदौड़ के बाद जब रात में आराम करने का समय आता है, तो कई लोगों को सोने से पहले कुछ खाने का मन करता है। ऐसे में अक्सर लोग बिना सोचे-समझे अपनी पसंद की चीजें खा लेते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि रात के समय हर तरह का खाना शरीर के लिए सही नहीं होता? क्योंकि दिन के समय जो खाना फायदेमंद माना जाता है, वही खाना रात के समय सेहत के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
दरअसल, रात में हमारा पाचन तंत्र दिन के मुकाबले धीमी गति से काम करता है। ऐसे में सोने से ठीक पहले बहुत ज्यादा भारी या देर से पचने वाला खाना खाने से शरीर को इसे पचाने में परेशानी हो सकती है। इसकी वजह से गैस, एसिडिटी, पेट फूलना और भारीपन जैसी दिक्कतें महसूस हो सकती हैं। इतना ही नहीं, कुछ खाद्य पदार्थ रात में आपकी नींद को भी प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए अगर आपको सोने से पहले कुछ खाने की आदत है, तो यह जानना जरूरी है कि उस समय किन चीजों से दूरी बनानी चाहिए। आइए जानते हैं ऐसी 5 चीजों के बारे में, जिन्हें रात में सोने से पहले खाने से बचना चाहिए।
पालक
पालक को पोषक तत्वों से भरपूर हरी सब्जी माना जाता है। इसमें आयरन और फाइबर की अच्छी मात्रा भी पाई जाती है, जोकि हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी होते है। हालांकि, रात के समय पालक का सेवन करना भी पाचन संबंधी परेशानी का कारण बन सकता है क्योंकि इसमें मौजूद फाइबर को पचने में अधिक समय लग सकता है। जिससे रात में पालक खाने से कुछ लोगों को पेट में भारीपन, गैस या बेचैनी महसूस हो सकती है।
अंकुरित अनाज
अंकुरित अनाज गट हेल्थ के लिए उपयोगी और हेल्दी डाइट का हिस्सा माना जाता है। वहीं मूंग, चना और अन्य अंकुरित अनाजों में फाइबर, प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए भी जाते हैं। लेकिन हर पौष्टिक चीज को किसी भी समय खाना सही नहीं होता। खासतौर पर रात में सोने से पहले। क्योंकि अंकुरित अनाज में फाइबर की मात्रा अधिक होने से इन्हें पचने में ज्यादा समय लग सकता है। वहीं इन्हें खाने के बाद गैस, पेट फूलना और बेचैनी जैसी समस्याएं महसूस हो सकती है।
दही
दही को हमारी सेहत और खासतौर पर पाचन तंत्र के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। क्योंकि इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों के लिए लाभकारी हो सकते हैं और हमारे पाचन को बेहतर बनाए रखने में मददगार होते हैं। लेकिन रात में सोने से पहले दही का सेवन करना कुछ लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है और इससे पेट फूलना, भारीपन या पाचन संबंधी दिक्कतें महसूस हो सकती हैं। इसलिए रात के समय में दही का सेवन करने से परहेज करना चाहिए।
खीरा और चुकंदर
खीरा और चुकंदर में भी कई जरूरी पोषक तत्व और पानी की अच्छी मात्रा मौजूद होती है। लेकिन रात के समय इसका सेवन करना आपकी परेशानी बढ़ा सकता है। खासकर कमजोर पाचन तंत्र वाले लोगों के लिए। इसलिए इन्हें देर शाम या सोने से ठीक पहले खाने से बचना चाहिए। इसके अलावा, खीरे में पानी की मात्रा अधिक होने के कारण रात में बार-बार पेशाब आने की समस्या भी हो सकती है। इसलिए खीरा और चुकंदर जैसी कच्ची सब्जियों का सेवन दिन के समय करना बेहतर माना जाता है।
फल और फलों का जूस
फल हमारी सेहत के लिए बेहद लाभकारी माने जाते हैं और डॉक्टर भी रोजाना अपनी डाइट में एक फल शामिल करने की सलाह भी देते हैं। लेकिन क्या आपकों पता है कि रात को सोने से ठीक पहले फल या फलों के जूस का सेवन नहीं करना चाहिए। क्योंकि फलों और फलों से बने जूस में नेचुरल रूप से शुगर मौजूद होती है जिसका देर रात सेवन करना परेशानी का कारण बन सकता है। इसके अलावा, संतरा और अंगूर जैसे खट्टे फलों का रात में सेवन करने से भी परहेज करना चाहिए। क्योंकि इससे पेट में भारीपन या एसिडिटी की समस्या भी हो सकती है।
नोट- दी गई उपर्युक्त समग्र सलाह और जानकारी केवल सामान्य उद्देश्य के लिए है। हम इसको लेकर किसी प्रकार का कोई दावा नहीं करते हैं। किसी भी प्रकार की सलाह के लिए पेशेवर चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए।