सुबह के नाश्ते में शामिल करें ये 5 चीजें, पाचन तंत्र को मिलेगा जबरदस्त फायदा

सुबह के नाश्ते में शामिल करें ये 5 चीजें, पाचन तंत्र को मिलेगा जबरदस्त फायदा

Health: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में खान-पान का ध्यान रखना पानी काफी मुश्किल हो गया है। समय की कमी के चलते लोग अक्सर जंक फूड, तला-भुना और पैकेज्ड वाला खाना ज्यादा खाने लगते हैं। जिसका सीधा असर हमारी पाचन क्रिया पर पड़ता है। वहीं पेट को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि खाने में मौजूद पोषक तत्वों पर भी ध्यान देना जरूरी होता है। क्योंकि हमारी आंतों में कई तरह के बैक्टीरिया मौजूद होते हैं, जो पाचन तंत्र को सही तरीके से काम करने में मदद करते हैं। इसे ही आमतौर पर गट हेल्थ कहा जाता है। अगर गट हेल्थ अच्छी रहे तो पाचन बेहतर रहने में मदद मिल सकती है और गैस, पेट फूलने जैसी परेशानियों को मैनेज करने में भी मदद मिलती है।

इसलिए रोज के खाने में फाइबर और दूसरे जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर चीजों को शामिल करना फायदेमंद हो होता है। खासतौर पर सुबह का नाश्ता ऐसा होना चाहिए जो पेट को लंबे समय तक ऊर्जा देने के साथ पाचन तंत्र को भी सपोर्ट करे। तो आइए जानते हैं ऐसी 5 चीजों के बारे में, जिन्हें आप अपने नाश्ते में शामिल कर सकते हैं और पूरे दिन ऊर्जावान रह सकते हैं।

ओट्स

ओट्स को नाश्ते के लिए एक हेल्दी और आसान विकल्प माना जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो पाचन तंत्र को बेहतर रखने और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है। यही वजह है कि रोजाना की डाइट में फाइबर बढ़ाने के लिए ओट्स को शामिल किया जा सकता है। इसकी एक और खासियत यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और कम सामग्री में भी स्वादिष्ट नाश्ता तैयार हो जाता है। आप ओट्स को दूध या दही के साथ बना सकते हैं और इसमें केला, सेब, चिया सीड्स या थोड़े से ड्राई फ्रूट्स डालकर इसे और भी पौष्टिक बना सकते हैं।

दलिया

दलिया भारतीय घरों में लंबे समय से नाश्ते का हिस्सा रहा है। यह हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन माना जाता है और इसमें फाइबर भी पाया जाता है, जो पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद हो सकता है। दलिया की खास बात यह है कि इसे आप अपनी पसंद के अनुसार मीठा या नमकीन बनाकर खा सकते हैं। नमकीन दलिया बनाते समय इसमें गाजर, मटर, बीन्स और टमाटर जैसी सब्जियां मिलाई जा सकती हैं, जिससे नाश्ता स्वादिष्ट होने के साथ-साथ ज्यादा पौष्टिक भी बन जाता है। वहीं, दूध के साथ बनाया गया मीठा दलिया भी सुबह के नाश्ते के लिए एक आसान और हेल्दी विकल्प हो सकता है।

अंकुरित मूंग

अंकुरित मूंग सुबह के नाश्ते के लिए एक हल्का, स्वादिष्ट और पौष्टिक विकल्प हो सकता है। मूंग दाल में पहले से ही कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, लेकिन इसे अंकुरित करके खाने से यह और भी बेहतर नाश्ता बन जाता है। इसमें प्रोटीन और फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जो पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है। इसे तैयार करना भी काफी आसान है। अंकुरित मूंग में बारीक कटा हुआ खीरा, टमाटर, प्याज और हरा धनिया मिलाएं। इसके ऊपर थोड़ा नींबू का रस, काला नमक और हल्के मसाले डालकर इसका स्वाद बढ़ाया जा सकता है। चाहें तो इसमें अनार के दाने भी मिला सकते हैं, जिससे यह और स्वादिष्ट और पौष्टिक बन जाएगा।

दही

दही एक ऐसा खाद्य पदार्थ है जिसे आसानी से रोजाना के नाश्ते में शामिल किया जा सकता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषक तत्वों से भी भरपूर माना जाता है। दही में प्रोबायोटिक्स पाए जाते हैं, जो आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया को सपोर्ट करने में मदद कर सकते हैं। यही वजह है कि इसे पाचन तंत्र के लिए भी उपयोगी माना जाता है। सुबह के समय आप एक कटोरी ताजा दही खा सकते हैं या इसे अपने पसंदीदा नाश्ते के साथ शामिल कर सकते हैं। दही को पोहा, पराठे, उपमा या अन्य व्यंजनों के साथ भी खाया जा सकता है।

केला

केला एक ऐसा फल है जो पूरे साल आसानी से उपलब्ध रहता है और इसे खाने के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं होती। इसमें फाइबर के साथ पोटैशियम और कई जरूरी पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। सुबह के नाश्ते में केला शामिल करने से कुछ समय तक पेट भरा हुआ महसूस हो सकता है और दिन की शुरुआत भी आसानी से की जा सकती है। आप केले को सीधे खा सकते हैं या फिर इसे दही, ओट्स और दलिया के साथ मिलाकर भी खा सकते हैं। केले की स्मूदी बनाकर पीना भी एक आसान विकल्प हो सकता है। अगर सुबह ऑफिस या काम के लिए जल्दी निकलना हो और नाश्ता बनाने का ज्यादा समय न मिले, तो केला एक सुविधाजनक विकल्प बन सकता है। इसे आसानी से साथ भी ले जाया जा सकता है।

ये भी पढ़ें:- मानसून में पेट की सेहत का रखें खास ख्याल, डाइट में शमिल करें ये चीजें,पाचन रहेगा दुरुस्त

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *