Today Weather Update: देश में मॉनसून की विदाई का समय नजदीक आ गया है, लेकिन कई राज्यों में बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। मॉनसून की सक्रियता के चलते उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश जारी है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी की शुरुआत हो सकती है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। दक्षिण भारत के भी कुछ हिस्सों में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। दोनों राज्यों के कई हिस्सों में मौसम खराब बना हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों और बिहार के विभिन्न इलाकों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश से गंगा के मैदानी इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ी है।
मॉनसून के कमजोर पड़ने के साथ ही पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। चमोली, हेमकुंड साहिब, केदारनाथ और रुद्रनाथ जैसे इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई है। केदारनाथ धाम क्षेत्र में ठंड बढ़ने के कारण यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को मौसम को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी शुरू होने से तापमान में बदलाव हुआ है।
अगर बात गुजरात की करें तो यहां भी बारिश का दौर जारी है। अहमदाबाद में शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया। सड़कों और अंडरपास में जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुजरात के कई हिस्सों में बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है। वडोदरा, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, वलसाड, डांग, पंचमहल, दाहोद और महीसागर में बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। विभाग ने बीते दिन बताया था कि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से 19 सितंबर के आसपास मॉनसून की वापसी शुरू हो सकती है। मॉनसून की विदाई इस महीने के अंत तक हो सकती है ऐसे में 21 तारीख तक बारिश का यह सिलसिला देखने को मिल सकता है क्योंकि मॉनसूनी हवाओं के लौटने के कारण बारिश की स्थिति में बदलाव आ सकता है।