Today Weather News: देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है, लेकिन मॉनसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ने लगा है। जहां उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां पहले के मुकाबले कमजोर पड़ने लगी हैं, वहीं पूर्वी भारत के कई राज्यों में अभी भी भारी बारिश का सिलसिला बना हुआ है। वहीं पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक आज 8 सितंबर को देश के करीब 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश देखने को मिल सकती है और दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में मौसम करवट ले सकता है।
दिल्ली-NCR में बीते कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। हालांकि अब मानसून की विदाई का दौर शुरू होने के साथ राजधानी में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। लेकिन आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं अगर तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है इसके अलावा कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है क्योंकि मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कई इलाकों में व्यापक बारिश का अनुमान जताया है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का असर सीमित रहने और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी मौसम खराब रह सकता है। यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है और 8 से 11 सितंबर के बीच कई इलाकों में आंधी-तूफान तथा बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
अगर बात बिहार के मौसम की करें तो यहां भी बारिश का दौर लगातार जारी है। राज्य के कई हिस्से पहले से ही बाढ़ की स्थिति से जूझ रहे हैं जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है और कई इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में 8 से 11 सितंबर तक कई हिस्सों में व्यापक बारिश का अनुमान है। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को राज्य के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
वहीं राजस्थान में फिलहाल बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। हालांकि भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 12 और 13 सितंबर के आसपास पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में बारिश का एक नया दौर देखने को मिल सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तराखंड, दिल्ली-NCR, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कुल मिलाकर उत्तर भारत में मॉनसून की रफ्तार अब कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है, लेकिन पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश का असर अभी बना रहेगा। ऐसे में मौसम विभाग की स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी होगा, खासकर उन इलाकों में जहां भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।