Today Weather News: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। दिल्ली-NCR में शुक्रवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार सुबह भी जारी रहा। सुबह से ही दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में कई जगह तेज बारिश देखने को मिली। लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार, 5 सितंबर को देश के करीब 17 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। जिसमें दिल्ली-NCR के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना और असम समेत कई राज्यों में अगले कुछ घंटों में झमाझम बारिश की संभावना का अनुमान है। इसके साथ तेज हवाएं भी चल सकती है वहीं दिल्ली में आज सुबह 8 बजे के बाद से ही कई इलाकों में अच्छी बारिश शुरू हो गई है।
दिल्ली-NCR में तेज बारिश का अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई इलाकों में बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया है और यातायात भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि बारिश के कारण दिल्ली-NCR के तापमान में कमी आई है, जिससे दिल्लीवासियों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।
यूपी-बिहार में बढ़ी बाढ़ की चिंता
अगर बात उत्तर प्रदेश और बिहार की करें तो यहां भी लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दोनों राज्यों में गंगा समेत कई प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। वहीं बिहार के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। बिहार में गंगा, गंडक और कोसी समेत कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, वाराणसी और प्रयागराज में भी लगातार बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर ब्रेक
इस भारी बारिश का असर पहाड़ी राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। खराब मौसम और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। वहीं चमोली समेत कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात प्रभावित होने की जानकारी है। केदारनाथ धाम में भी खराब मौसम के कारण यात्रा स्थगित की गई है। चंपावत, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम के बदलते मिजाज और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मध्य प्रदेश में भी आफत की बारिश
मध्य प्रदेश में भी शुक्रवार रात से ही कई जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। भोपाल, सतना, मैहर और चित्रकूट समेत कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में तेज बारिश के बाद भदभदा डैम के गेट भी खोले गए हैं। इसके अलावा राज्य की नर्मदा, बेतवा और मंदाकिनी समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम बढ़ा रहा बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी ट्रफ के कारण उत्तर और मध्य भारत में बारिश का दौर मजबूत हुआ है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में कई राज्यों में तेज बारिश जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 5 से 7 सितंबर के बीच कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम के साथ विजिबिलिटी कम होने और भूस्खलन की स्थिति को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ऐसे में दिल्ली-NCR समेत बारिश से प्रभावित राज्यों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।