Cyclone News: बंगाल की खाड़ी से उठे गंभीर चक्रवाती तूफान अर्नब ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में दस्तक दे दी है इसके साथ ही वहां जनजीवन को प्रभावित हो गया है बुधवार (28 अक्टूबर 2026) सुबह काकीनाडा और पुडुचेरी के यनम के बीच तूफान के पहुंचने से कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश भी हुई। चक्रवात अर्नब की वजह से कई जगह पेड़ उखड़ने, बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त होने और सड़कों पर आवागमन बाधित होने की घटनाएं भी सामने आईं है। वहीं प्रशासन ने लोगों को मौसम सामान्य होने तक घरों के भीतर रहने की सलाह दी है।मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के कई जिलों के साथ ओडिशा के विभिन्न इलाकों के लिए भी चेतावनी जारी की है।

125 से 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। इस दौरान चक्रवात की स्पीड करीब 3 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। इसकी वजह से 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं इसके अलावा हवा के इन तेज झोंकों की स्पीड बढ़ने की आशंका भी जताई गई है जोकि 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक शुरूआत में यह तूफान बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने का अनुमान लगाया था। साथ ही निचले तटीय इलाकों में समुद्र का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ का खतरा भी बताया गया। IMD के अनुमान के मुताबिक, सामान्य खगोलीय ज्वार के स्तर से 1.5 से 2.5 मीटर तक ऊंची तूफानी लहरें उठ सकती थीं। इससे खासतौर पर काकीनाडा और यनम के आसपास के निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका जताई गई।
काकीनाडा और विशाखापत्तनम में गिरे पेड़, सड़कें भी प्रभावित
चक्रवात अर्नब का असर आंध्र प्रदेश के कई जिलों में साफ तौर पर देखने को मिला। जहां काकीनाडा जिले के कोरंगी क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण कई बड़े पेड़ उखड़ गए। जिसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और स्थानीय संपर्क मार्गों पर परेशानी बढ़ गई। इसके अलावा विशाखापत्तनम में भी तेज हवाओं और भारी बारिश के चलते पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। इसके कारण बीच रोड और सीतामधारा के कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ और कई स्थानों पर बिजली की लाइनें टूटने से विद्युत व्यवस्था बाधित हुई। आईएमडी के अनुसार, 27 अक्टूबर सुबह 8:30 बजे से 28 अक्टूबर सुबह 3 बजे के बीच अनकापल्ली और विशाखापत्तनम जिलों में कुछ स्थानों पर 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।

CM चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को दिए निर्देश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि चक्रवात के बाद अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने इसके लिए प्रशासन की ओर से पहले से किए गए एहतियाती इंतजामों को अहम बताया। सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जिला कलेक्टरों समेत लगभग 32,000 लोगों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस के जरिए स्थिति का जायजा लिया और उस पर बात की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संपत्ति के नुकसान को कम से कम रखने और प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के निर्देश भी दिए।
बता दें कि चक्रवात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी पुख्ता इंतजाम किए गए है जिनमें संवेदनशील इलाकों में आपातकालीन टीमों को तैनात किया गया। इन टीमों का काम जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत पहुंचाना, सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाना और जरूरी बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने में मदद करना शामिल है।
लोगों को घरों में रहने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति में सुधार होने तक घरों के भीतर रहने की अपील की है। साथ ही बिजली के खंभों, बड़े होर्डिंग्स और पुराने पेड़ों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
चक्रवात से ट्रेन और फ्लाइट सेवाएं प्रभावित
बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवात अर्नब का असर परिवहन सेवाओं पर भी पड़ा। चेन्नई एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, चेन्नई और विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा तथा राजमुंदरी के बीच संचालित होने वाली 12 उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं एयरलाइन इंडिगो ने भी आंध्र प्रदेश के प्रभावित शहरों के लिए यात्रा संबंधी एडवाइजरी जारी की।


