Saif Ali Khan: बॉलीवुड में सितारों को धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब अभिनेता सैफ अली खान को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, अभिनेता को एक धमकी भरा वॉयस मैसेज मिला है, जिसमें बाबा सिद्दीकी की हत्या का जिक्र करते हुए उन्हें भी वैसा ही अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि संदेश वास्तव में उसी ने भेजा है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी पहचान का इस्तेमाल किया है।

वॉयस मैसेज में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का किया जिक्र
पुलिस सूत्रों के अनुसार एक्टर सैफ अली खान के मोबाइल पर जीशान अख्तर के नाम से एक ऑडियो संदेश आया था। इसमें कथित तौर पर अभिनेता को चेतावनी दी गई कि उनका भी वही हाल होगा, जो एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी का हुआ था। इस संदेश के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। हालांकि, मुंबई पुलिस ने अभी तक जीशान अख्तर के शामिल होने की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच की जा रही है कि कहीं किसी शख्स ने जानबूझकर जीशान का नाम लेकर धमकी तो नहीं दी। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़ा है जीशान अख्तर का नाम
जीशान अख्तर का नाम 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई में हुए बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की जांच के दौरान सामने आया था। पुलिस के आरोपों के मुताबिक, उसने इस वारदात की साजिश में भूमिका निभाई थी और हमलावरों को जरूरी मदद उपलब्ध कराई थी और वह इस मामले में वांछित आरोपियों में शामिल है। गौरतलब है कि बाबा सिद्दीकी की मुंबई के बांद्रा पूर्व इलाके में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद मुंबई पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब सैफ को मिली धमकी में जीशान का नाम आने से जांच एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं।
तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना भी बन चुके हैं निशाना
सैफ अली खान से पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। इन मामलों की जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु के रहने वाले 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। जिसमें आरोपी के IIT ग्रेजुएट होने की जानकारी सामने आई थी।

पुलिस जांच में पता चला था कि वैभव मिश्रा का किसी गैंग से सीधा संबंध नहीं था। उस पर आरोप था कि उसने AI तकनीक के जरिए नकली आवाज तैयार कर अभिनेताओं को धमकी भरे संदेश भेजे। तुषार कपूर से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। वहीं, आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरा ऑडियो संदेश मिला था।
सलमान और शाहरुख तक पहुंच चुकी हैं धमकियां
बॉलीवुड में धमकियों का यह मामला नया नहीं है बल्कि इससे पहले भी सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर मुंबई पुलिस को कई बार अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े हैं। इसके अलावा शाहरुख खान को भी धमकी देकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने का मामला सामने आया था। दिलजीत दोसांझ, कपिल शर्मा, रणवीर सिंह, विक्रांत मैसी और आयुष शर्मा जैसे कलाकारों को भी अलग-अलग समय पर धमकी भरे संदेश और ईमेल मिलने की खबरें सामने आ चुकी हैं।


