प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राज्यसभा के मनोनीत सांसद और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू को समन जारी किया है। एजेंसी ने उन्हें पंजाब की कंपनी व्यूनाउ (Vuenow) ग्रुप से जुड़े कथित वित्तीय घोटाले की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच एजेंसी यह पता लगाना चाहती है कि व्यूनाउ ग्रुप की कंपनियों से संधू से जुड़ी संस्थाओं को जो रकम मिली, उसका स्रोत क्या था और इन लेन-देन का उद्देश्य क्या था।
अधिकारियों के अनुसार संधू को पहले 12 नवंबर को पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन उनके पेश नहीं होने के बाद अब 25 नवंबर 2026 की तारीख दी गई है। ईडी का जालंधर जोनल कार्यालय इस मामले की जांच कर रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संधू को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में किसी प्रत्यक्ष भूमिका के आरोप में नहीं बुलाया गया है। उनसे केवल कुछ वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी और दस्तावेजों की पुष्टि की जानी है।
यह पूरा मामला व्यूनाउ ग्रुप की कंपनियों पर लगे हजारों करोड़ रुपये के कथित क्लाउड पार्टिकल घोटाले से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने आम लोगों को निवेश के बदले आकर्षक रिटर्न का भरोसा देकर बड़ी रकम जुटाई और बाद में उस पैसे का इस्तेमाल कारोबारी गतिविधियों के बजाय दूसरे कामों में किया। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला और कैसे सामने आया कथित क्लाउड पार्टिकल स्कैम।

कौन हैं सतनाम सिंह संधू, जिन्हें ED ने भेजा समन?
सतनाम सिंह संधू राज्यसभा के मनोनीत सांसद हैं। वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर भी हैं और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी पहचान एक उद्यमी के रूप में रही है। वह पंजाब के रहने वाले हैं और उन्होंने साल 2001 में चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की शुरुआत की थी। इसके बाद 2012 में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की स्थापना की।
अब ईडी ने उन्हें व्यूनाउ ग्रुप से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में तलब किया है। एजेंसी के अधिकारियों के मुताबिक, जांच में कुछ ऐसी संस्थाओं के बैंकिंग लेन-देन सामने आए हैं, जिन्हें व्यूनाउ ग्रुप की कंपनियों से धनराशि मिली थी। इन संस्थाओं का संबंध सतनाम सिंह संधू से बताया गया है। ईडी अब यह समझना चाहती है कि इन कंपनियों से पैसा किस काम के लिए प्राप्त हुआ, इसके पीछे कारोबारी समझौता क्या था और रकम का आगे किस तरह इस्तेमाल किया गया। फिलहाल एजेंसी ने संधू को इस कथित घोटाले में प्रत्यक्ष आरोपी नहीं बताया है और न ही उनकी ओर से भी इस मामले में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
क्या है 3700 करोड़ रुपये का क्लाउड पार्टिकल घोटाला?
यह मामला व्यूनाउ ग्रुप की कंपनियों द्वारा कथित तौर पर चलाई गई निवेश योजना से जुड़ा है। ईडी के मुताबिक, कंपनी ने निवेशकों को क्लाउड पार्टिकल खरीदने के लिए प्रेरित किया था। इसके लिए सेल एंड लीज बैक (Sale and Lease Back) मॉडल का इस्तेमाल किया गया। इस मॉडल के तहत निवेशकों को बताया गया कि वे कंपनी के डेटा सेंटर से जुड़े क्लाउड पार्टिकल खरीदेंगे और कंपनी उन्हीं संसाधनों को वापस लीज पर लेकर इस्तेमाल करेगी। इसके बदले निवेशकों को नियमित किराया और कमाई का भरोसा दिया गया था।
हालांकि, ईडी की जांच में इस कारोबारी मॉडल पर गंभीर सवाल उठे। फरवरी 2025 में जारी अपने बयान में एजेंसी ने कहा था कि क्लाउड पार्टिकल का मूल कारोबार वास्तविक रूप से मौजूद नहीं था और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, डेटा सेंटर के ग्राहकों से या तो कोई किराया नहीं मिला या फिर बेहद मामूली रकम प्राप्त हुई। ऐसे में कंपनी का कथित कारोबार वास्तविक व्यावसायिक गतिविधियों के बजाय पैसा एक जगह से दूसरी जगह भेजने और पुराने निवेशकों को भुगतान करने की व्यवस्था बनकर रह गया था।


