https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर BJP महिला मोर्चा की बैठक में दो मिनट का मौन, ब्रजेश पाठक समेत कई बड़े नेता रहे मौजूद

योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर BJP महिला मोर्चा की बैठक में दो मिनट का मौन, ब्रजेश पाठक समेत कई बड़े नेता रहे मौजूद

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने महिला मोर्चा को मजबूत बनाने और महिलाओं के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार (20 नवंबर) को लखनऊ में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवासी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्ययोजनाओं और पार्टी की नीतियों को महिलाओं तक पहुंचाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। हालांकि, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन की दुखद खबर सामने आने के बाद कार्यक्रम का माहौल भावुक हो गया जिसके बाद  उपस्थित नेताओं और पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पंकज चौधरी और केशव प्रसाद मौर्य समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

भाजपा महिला मोर्चा की इस प्रदेश प्रवासी बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश की प्रदेश सह-प्रभारी मेधा कुलकर्णी और प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज कुशवाहा भी बैठक में शामिल हुईं।

इस बैठक की खास बात यह रही कि इसमें देश के आठ राज्यों से प्रवासी महिला पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान बैठक में महिला मोर्चा के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने, प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

2027 चुनाव से पहले महिला मोर्चा की भूमिका पर चर्चा

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा महिला मोर्चा की सक्रियता काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी की कोशिश है कि महिला कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र और बूथ स्तर तक संगठन की पहुंच मजबूत की जाए। इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाई जाए।

बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियों, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, प्रवासी पदाधिकारियों के अनुभवों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। पार्टी की रणनीति में महिला मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और महिलाओं को संगठन की जिम्मेदारियों में अधिक अवसर देना भी अहम माना जा रहा है। भाजपा की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महिला मोर्चा को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की यह कवायद महत्वपूर्ण है।

 

योगी की मां के निधन की खबर से बैठक में छाया शोक

बैठक के दौरान उस समय माहौल पूरी तरह बदल गया, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परम पूज्य माता श्रीमती सावित्री देवी के निधन की अत्यंत दुखद सूचना प्राप्त हुई। 91 वर्षीय सावित्री देवी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने की।

इस दुखद समाचार के बाद बैठक में मौजूद सभी वरिष्ठ नेताओं, महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और आठ राज्यों से आई प्रवासी बहनों ने सावित्री देवी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी उपस्थितजनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *