Rahul Gandhi: अमेरिका में छात्रों के साथ संवाद के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत-पाकिस्तान संबंधों को लेकर अपना रुख साफ कर दिया। उनसे एक पाकिस्तानी छात्र ने सवाल किया कि क्या दोनों देश आपसी मतभेद भुलाकर साझा हितों के लिए साथ काम कर सकते हैं? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि भारत बातचीत के खिलाफ नहीं है, लेकिन पाकिस्तान को पहले आतंकवाद को समर्थन देना बंद करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक भारत में निर्दोष लोगों की जान जा रही है, तब तक पाकिस्तान के साथ बातचीत करना संभव नहीं है।
पाकिस्तान को आतंकवाद पर रोक लगानी होगी
अमेरिका के इलिनोइस स्थित शिकागो यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी से भारत और पाकिस्तान के भविष्य के रिश्तों पर सवाल किया गया। जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन इसके रास्ते में आतंकवाद सबसे बड़ी बाधा है।

राहुल गांधी के मुताबिक, एक तरफ भारत के निर्दोष नागरिकों की जान जा रही हो और दूसरी तरफ पाकिस्तान के साथ बातचीत जारी रहे, यह स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जिस दिन पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देना बंद कर देगा, उसी दिन दोनों देशों के बीच बातचीत की गुंजाइश बन सकती है।
भारत की विदेश नीति पर भी उठाए सवाल
इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका और अधिक प्रभावी होनी चाहिए। उनके मुताबिक, वैश्विक मुद्दों पर होने वाली चर्चाओं में भारत को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए, लेकिन मौजूदा समय में देश कई अहम मामलों में पीछे दिखाई दे रहा है।
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के साथ बातचीत में शामिल है, जबकि भारत इस प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाता नजर नहीं आ रहा। राहुल ने जोर दिया कि भारत को वैश्विक कूटनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करानी चाहिए।
बीजेपी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी के बयानों को लेकर बीजेपी ने उन पर हमला बोला है। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता को पाकिस्तान का ‘फैन बॉय’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी मंचों पर भारत की उपलब्धियों को नजरअंदाज करते हैं और पाकिस्तान की भूमिका को ज्यादा अहमियत देते हैं।
Why is Rahul Gandhi so obsessed with Pakistan!
At every global stage Rahul acts like Pak Fan Boy!
Yet again he idolizes Pakistan as a role model for him in foreign policy outreach!
His love for Pakistan has made him forget that It is India which
– Russia& Ukraine both acknowledged for its peace efforts
– Iran waived of any Hormuz restrictions.
Rahul Gandhi’s love for terror state Pakistan made UPA compromise India’s sovereignty at Sharmal Shekh & not attack Pakistan post 26/11 terror attack!
— Pradeep Bhandari(प्रदीप भंडारी)🇮🇳 (@pradip103) November 20, 2026
भंडारी ने यह भी कहा कि भारत ने रूस और यूक्रेन के बीच शांति प्रयासों के जरिए अपनी कूटनीतिक क्षमता दिखाई है। इसके अलावा उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए दावा किया कि ईरान ने भारत को वहां लागू प्रतिबंधों से छूट दी है। बीजेपी ने राहुल गांधी के बयानों को लेकर उनकी विदेश नीति संबंधी समझ पर भी सवाल उठाए।
चुनाव के बहिष्कार को राहुल ने बताया लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक
छात्रों के साथ बातचीत में राहुल गांधी से देश में कथित वोट चोरी के आरोपों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि अगर विपक्ष को चुनाव में गड़बड़ी की आशंका है, तो वह चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं करता? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव से दूरी बनाना लोकतंत्र को कमजोर करने जैसा होगा। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र बेहद महत्वपूर्ण है और विपक्ष के चुनाव नहीं लड़ने से जनता का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा कम हो सकता है।


