https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

आंध्र प्रदेश की ओर तेजी से बढ़ रहा चक्रवात अकवान, 8 राज्यों में बारिश का अलर्ट, 20 नवंबर को तट से टकराने की आशंका

आंध्र प्रदेश की ओर तेजी से बढ़ रहा चक्रवात अकवान, 8 राज्यों में बारिश का अलर्ट, 20 नवंबर को तट से टकराने की आशंका

Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अकवान अब गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसके ताकतवर होने के साथ ही दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। तूफान के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

 

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह 5:30 बजे चक्रवात अकवान चेन्नई से करीब 580 किलोमीटर और विशाखापत्तनम से लगभग 610 किलोमीटर दूर था। इसके अलावा यह आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से 610 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से करीब 730 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। अनुमान है कि 20 नवंबर को दोपहर के आसपास यह नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश के तट को पार कर सकता है। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

8 राज्यों में होगा चक्रवात का असर

चक्रवात अकवान के आगे बढ़ने के साथ ही कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अलग-अलग तारीखों के लिए चेतावनी जारी की है। आइए जानते हैं किन राज्यों में इसका कितना असर पड़ सकता है।

आंध्र प्रदेश: सबसे ज्यादा असर की आशंका

चक्रवात अकवान का सबसे ज्यादा प्रभाव आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 नवंबर को कई जगहों पर भारी से बेहद भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं 20 नवंबर को यह तूफान नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकरा सकता है।

इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंके 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए तटीय जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा राहत और बचाव कार्यों के लिए NDRF की 13 और SDRF की 11 टीमें तैनात की गई हैं। वहीं मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी गई है।

ओडिशा: दक्षिणी जिलों में भारी बारिश का खतरा

इस चक्रवात का असर ओडिशा में 18 से 21 नवंबर के बीच देखने को मिल सकता है। कयोंकि मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जैसे दक्षिणी जिलों में इसका प्रभाव अधिक रहने की आशंका है। इसके अलावा लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

तमिलनाडु: चेन्नई समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट

तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों में 18 और 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। इसके अलावा समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जिससे तटीय इलाकों में परेशानी बढ़ सकती है।

पुडुचेरी और तेलंगाना में भारी बारिश की संभावना

चक्रवात अकवान का असर पुडुचेरी और कराईकल में भी देखने को मिल सकता है। यहां भी 18 से 20 नवंबर के बीच भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका को देखते हुए तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वही अगर बात तेलंगाना की करें तो यहां भी 20 और 21 नवंबर को मौसम बिगड़ सकता है। राज्य के पूर्वी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भरने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा है।

पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों में बरसेंगे बादल

पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में 19 और 20 नवंबर को बारिश होने का अनुमान है। दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर और झारग्राम के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड में भी चक्रवात का प्रभाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़: 20 और 21 नवंबर को बदल सकता है मौसम

चक्रवात अकवान सीधे छत्तीसगढ़ के तट से नहीं टकराएगा, लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को दक्षिणी और उत्तरी क्षेत्रों के कुछ इलाकों में बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। फिलहाल चक्रवात अकवान के गंभीर रूप लेने के बाद तटीय राज्यों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। खासतौर पर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में राहत एवं बचाव की तैयारियां की जा रही हैं। मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है, जबकि निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने को कहा गया है।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *