Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 7 सितंबर को यूपी, दिल्ली, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश के कारण लैंडस्लाइड का खतरा भी बना हुआ है। समुद्री इलाकों में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 7 सितंबर को देश के 22 राज्यों भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है जिसमें यूपी, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा और मेघालय राज्य शामिल है इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं और सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं, दक्षिणी तेलंगाना से मन्नार की खाड़ी तक एक गर्त सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों का असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है।
दिल्ली
राजधानी दिल्ली में कल यानी 7 सितंबर को मध्यम बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं, दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
उत्तरप्रदेश
उत्तरप्रदेश में आंधी के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है गौतमबुद्ध नगर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, पीलीभीत, बहराइच, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, खेरी, बलरामपुर, सहारनपुर, सोनभद्र, बदायूं, ललितपुर, गोरखपुर, इटावा, आजमगढ़ और प्रयागराज में मौसम खराब रहने की संभावना है,वहीं राजधानी लखनऊ में कल अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।
बिहार
बिहार के कई जिलों जिनमें- गया, बक्सर, भोजपुर, पटना, सिवान, सारण, रोहतास, कैमूर, जहानाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय और कटिहार में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी। वहीं, पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
झारखंड
झारखंड के रांची, जमशेदपुर, दुमका, पलामू, गुमला, चतरा, देवघर, गोड्डा, हजारीबाग, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम और बोकारो में भी भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलेंगे। रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस, तो न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहना का अनुमान है।
उत्तराखंड
उत्तराखंड के कई पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और हरिद्वार में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा भी बना रह सकता है। देहरादून में अधिकतम तापमान 28 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
हिमाचल
हिमाचल प्रदेश के मंडी, चंबा, ऊना, किन्नौर, कांगड़ा, कुल्लू, सोलन, बिलासपुर और हमीरपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है और हवा की गति 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मनाली में अधिकतम तापमान करीब 14 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पंजाब और राजस्थान
पंजाब के कपूरथला, चंडीगढ़, फरीदकोट, फिरोजपुर, संगरूर, लुधियाना, अमृतसर, होशियारपुर, गुरदासपुर, बरनाला और बठिंडा में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। यहां हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं राजस्थान के भरतपुर, करौली, झालावाड़, सवाई माधोपुर, झुंझुनू, बारां, बूंदी, दौसा, भीलवाड़ा, अलवर, जैसलमेर, उदयपुर और श्रीगंगानगर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। हवा की गति करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के कटनी, विदिशा, सिवनी, दमोह, नर्मदापुरम, खरगोन, मंडला, खंडवा, बैतूल, नरसिंहपुर, इंदौर, सागर, छिंदवाड़ा और सीधी में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।