Jhansi News: सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली रील के लिए लोग अक्सर ऐसे स्टंट कर बैठते हैं, जिनका खामियाजा उन्हें लंबे समय तक भुगतना पड़ता है। उत्तरप्रदेश के झांसी से ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रील बनाने के दौरान एक युवक करीब 30 फीट ऊंचाई से बांध में कूद गया। पानी कम होने की वजह से युवक सीधे चट्टानों पर जा गिरा और उसके दोनों पैर गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
यह पूरी घटना रविवार शाम को झांसी के पहूज डैम की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रक्सा थाना क्षेत्र के परवई गांव का रहने वाला 30 वर्षीय युवक पुष्पेंद्र कुमार मनौरिया अपने दोस्तों के साथ डैम के व्यू प्वाइंट पर पहुंचा था। इसी दौरान उसने रेलिंग पार कर नीचे छलांग लगाने का फैसला किया और युवक के दोस्त इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे थे। जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पुष्पेंद्र 30 फीट की ऊंचाई से नीचे छलांग लगाता है। लेकिन जिस जगह वह कूदता है, वहां पानी की गहराई कम थी। पानी में जाने के बजाय वह नीचे मौजूद चट्टानों से टकरा गया। जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई और वह ठीक से खड़ा तक नहीं हो पा रहा था। वहीं चोट लगने के बाद युवक के लिए पानी से बाहर निकलना मुश्किल हो गया और वह डूबने लगा। जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों और स्थानीय गोताखोरों ने उसे बाहर निकालने में मदद की।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक के छलांग लगाने से पहले उसके दोस्तों की आवाज सुनाई देती है। दोस्त मजाक करते हुए कहते हैं, भगवान तेरी आत्मा को शांति दे। इसके कुछ ही पल बाद युवक छलांग लगा देता है और हादसा हो जाता है। इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी पहुंची और गंभीर रूप से चोटिल पुष्पेंद्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसके दोनों पैर टूट गए हैं। एक पैर में ऑपरेशन कर रॉड डाली गई है, जबकि दूसरे पैर की सर्जरी भी की जानी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो और लाइक्स पाने की कोशिश में किया गया यह स्टंट युवक के लिए भारी पड़ गया। कुछ सेकंड की रील बनाने के लिए उठाया गया जोखिम अब उसे लंबे इलाज और ऑपरेशन के दौर से गुजरने पर मजबूर कर रहा है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के लिए खतरनाक जगहों पर स्टंट करना कितना भारी पड़ सकता है। खासकर बांध, पहाड़, झरने और गहरे पानी वाली जगहों पर बिना सुरक्षा के किया गया कोई भी स्टंट जानलेवा साबित हो सकता है।