2027 चुनाव से पहले बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 98 जिलों-महानगरों के प्रभारी बदले, जानें किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी
Home - राज्य - उत्तर प्रदेश - 2027 चुनाव से पहले बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 98 जिलों-महानगरों के प्रभारी बदले, जानें किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी
UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन को चुनावी तैयारी के हिसाब से मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाया है। बीजेपी ने प्रदेश के अलग-अलग सांगठनिक जिलों और महानगरों के लिए नए प्रभारियों के नामों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 19 सितंबर को यह सूची जारी की। इसमें पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र के जिला और महानगर स्तर के प्रभारी शामिल हैं। जारी सूची में पश्चिम क्षेत्र में 19, ब्रज क्षेत्र में 19, कानपुर क्षेत्र में 17, अवध क्षेत्र में 15, काशी क्षेत्र में 16 और गोरखपुर क्षेत्र में 12 जिम्मेदारियां तय की गई हैं। कुल मिलाकर 98 सांगठनिक जिलों और महानगरों में प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
कई जिलों में नए चेहरों को जिम्मेदारी
बीजेपी की नई सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक कई प्रमुख जिलों में संगठन की जिम्मेदारी बदली गई है। रामपुर में मोहित बेनीवाल को प्रभारी बनाया गया है। मुरादाबाद महानगर की जिम्मेदारी प्रमेंद्र जांगड़ा और मुरादाबाद जिले की जिम्मेदारी विकास अग्रवाल को दी गई है। शामली में चौधरी राजा वर्मा और अमरोहा में सत्येंद्र सिसोदिया को जिम्मेदारी मिली है। नोएडा महानगर के लिए डीके शर्मा और गौतमबुद्धनगर के लिए कांता कर्दम को प्रभारी बनाया गया है। वहीं गाजियाबाद महानगर में अशोक कटारिया और गाजियाबाद जिले में संजीव गोयल सिक्का को जिम्मेदारी दी गई है।
ब्रज क्षेत्र में भी संगठन के स्तर पर कई नियुक्तियां हुई हैं। मथुरा महानगर की जिम्मेदारी पवन शर्मा और मथुरा जिले की जिम्मेदारी प्रमोद गुप्ता को दी गई है। आगरा महानगर में बृज बहादुर और आगरा जिले में घनश्याम लोधी को प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा मैनपुरी में श्याम भदौरिया और हाथरस में अनिल चौधरी को जिम्मेदारी मिली है।
अवध क्षेत्र में भी नई जिम्मेदारियां
अवध क्षेत्र की बात करें तो लखनऊ महानगर की जिम्मेदारी त्रयंबक त्रिपाठी और लखनऊ जिले की जिम्मेदारी सौरभ मिश्रा को सौंपी गई है। रायबरेली में डॉ. नीरज सिंह को प्रभारी बनाया गया है। अयोध्या जिले में अनूप गुप्ता और अयोध्या महानगर में शिवभूषण सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा गोंडा में राहुल राज रस्तोगी, उन्नाव में संतोष सिंह और बाराबंकी में नीरज वर्मा को जिला प्रभारी बनाया गया है।
काशी क्षेत्र में इन नेताओं को मिला जिम्मा
काशी क्षेत्र में वाराणसी महानगर और वाराणसी जिले, दोनों की जिम्मेदारी अरुण पाठक को दी गई है। जौनपुर में शंकर गिरी, मछलीशहर में दिनेश मौर्य, सुल्तानपुर में बृजभूषण सिंह और अमेठी में सुनील सिंह को प्रभारी बनाया गया है। वहीं प्रयागराज महानगर की जिम्मेदारी राकेश त्रिवेदी, प्रयागराज यमुनापार की अनिल सिंह और प्रयागराज गंगापार की जिम्मेदारी अशोक मिश्रा को दी गई है। मिर्जापुर में भानु प्रताप सिंह और सोनभद्र में कौशलेन्द्र पटेल को प्रभारी बनाया गया है।
2027 चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा फैसला
बीजेपी की इन नियुक्तियों को 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। नए जिला प्रभारियों की जिम्मेदारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने और पार्टी के कार्यक्रमों को जमीन तक पहुंचाने की होगी। रिपोर्टों के मुताबिक पार्टी का फोकस संगठन को जिला स्तर पर सक्रिय और मजबूत करने पर है। इन प्रभारियों की भूमिका चुनावी तैयारियों में भी अहम होगी। संगठन से जुड़े काम, स्थानीय स्तर पर समन्वय और पार्टी की गतिविधियों की निगरानी जैसे कार्य इनके जिम्मे रहेंगे। इसके अलावा पार्टी संगठन में आगे भी अन्य नियुक्तियां कर सकती है।
सोशल मीडिया और प्रकोष्ठों में भी हो चुकी हैं नियुक्तियां
बता दें कि जिला प्रभारियों की घोषणा से पहले बीजेपी ने संगठन के दूसरे हिस्सों में भी जिम्मेदारियां तय की थीं। पार्टी ने शुक्रवार को प्रकोष्ठ संकुल के संयोजक, सह-संयोजक और सोशल मीडिया टीम के पदाधिकारियों के नाम घोषित किए थे। सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी सुभाष यदुवंश को दी गई है। वहीं, सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी हिमांशु राज पंडित को पहले ही दी जा चुकी थी। गौरव वार्ष्णेय, विनीत मालवीय, अनुज चौधरी, मनोज मौर्य, निखिल सिन्हा और विवेक लवानिया को सह-संयोजक बनाया गया है। जयंत शिवाच, वाईके शर्मा और अभिमन्यु सिंह को सदस्य की जिम्मेदारी मिली है। वहीं ओमप्रकाश श्रीवास्तव को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है, जबकि संतराज यादव और डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी को प्रदेश संकुल सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
इस तरह जिला प्रभारियों की नई सूची के साथ बीजेपी ने संगठन के अलग-अलग स्तरों पर जिम्मेदारियां तय करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। अब इन नियुक्तियों के बाद जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को और गति देने पर फोकस रहेगा।