PM मोदी के जन्मदिन पर यूपी में सेवा संकल्प अभियान, CM योगी ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’, अयोध्या में दीपों से जगमगाए मंदिर

PM मोदी के जन्मदिन पर यूपी में सेवा संकल्प अभियान, CM योगी ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’, अयोध्या में दीपों से जगमगाए मंदिर

Lucknow News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी लखनऊ से लेकर रामनगरी अयोध्या तक प्रधानमंत्री के जन्मदिन को अलग-अलग आयोजनों के जरिए मनाया गया। लखनऊ के प्रेरणा स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की शुरुआत की, जबकि अयोध्या में मंदिरों और पौराणिक स्थलों पर बड़ी संख्या में दीप जलाए गए।

CM योगी ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की शुरुआत की

गुरुवार (17 सितंबर) को लखनऊ स्थित प्रेरणा स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर दीप जलाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेरणा स्थल पर मौजूद छात्रों से संवाद किया। उन्होंने मोबाइल से वीडियो भी बनाया और वहां मौजूद छात्रों को चॉकलेट दी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश विकसित भारत की संकल्पना की दिशा में आगे बढ़ रहा है और पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में करोड़ों दीप सकारात्मक भाव और ऊर्जा के साथ प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल के साथ प्रदेश के अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थलों और लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप जलाए जा रहे हैं। उन्होंने इस अभियान से जुड़े कर्मयोगी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और नागरिकों का अभिनंदन भी किया। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अपनी नई पहचान बनाई है। आज नए भारत का दर्शन हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत नए इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

ब्रजेश पाठक ने सिविल अस्पताल में बांटे फल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लखनऊ स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल भी जाना। इसके साथ ही ब्रजेश पाठक ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।

अयोध्या में दीपों से जगमगाए पौराणिक स्थल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर काशी से वडनगर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इसी कड़ी में रामनगरी अयोध्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और साधु-संतों ने विशेष आयोजन किया। अयोध्या के अलग-अलग मंदिरों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर आशीर्वाद के दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी गई। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. लाल जी निर्मल, विधान परिषद सदस्य डॉ. अविनाश सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत कई लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- PM मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, ब्रजेश पाठक ने सिविल अस्पताल में मरीजों को बांटे फल

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *