Agniveer Scheme: दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने देश के लाखों युवाओं और अग्निवीरों को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय कैबिनेट ने अग्निपथ योजना में बदलाव को मंजूरी देते हुए अग्निवीरों के लिए दो साल की अतिरिक्त सेवा का रास्ता खोल दिया है। अब चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सेवा छोड़ने वाले 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल और सेना में काम करने का मौका मिलेगा। इस फैसले के बाद अग्निवीरों की अधिकतम सेवा अवधि छह साल तक हो सकेगी।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने 4 नवंबर को कैबिनेट के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने वाले 25 फीसदी अग्निवीरों को पहले की तरह मेरिट के आधार पर नियमित सैनिक के रूप में शामिल किया जाएगा। वहीं, बाकी 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें पहले की तुलना में ज्यादा वेतन और भत्ते भी मिलेंगे।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, अतिरिक्त दो साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद अग्निवीरों को नियमित सशस्त्र बलों में शामिल होने का एक और अवसर मिलेगा। हालांकि, इसके लिए उनकी इच्छा और निर्धारित चयन मानकों को पूरा करना जरूरी होगा। यानी छह साल की सेवा पूरी करने के बाद सभी अग्निवीर अपने आप स्थायी सैनिक नहीं बन जाएंगे, बल्कि उन्हें चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा।
पहले बैच के 18 हजार से ज्यादा अग्निवीरों को मिलेगा फायदा
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए पहले बैच के अग्निवीर अब अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के करीब हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2026 तक 18,300 से ज्यादा अग्निवीरों की शुरुआती सेवा अवधि पूरी होने वाली थी। ऐसे में सरकार का यह फैसला उनके लिए काफी अहम माना जा रहा है।
CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि के मुताबिक, पिछले चार सालों में अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार आकलन किया गया है। उनके कौशल, शारीरिक क्षमता, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और काम करने के तरीके को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इसी फीडबैक और सशस्त्र बलों की सिफारिश के आधार पर कैबिनेट ने सेवा विस्तार को मंजूरी दी है।
अग्निवीरों के लिए हुए 5 बड़े बदलाव
सेवा अवधि बढ़कर होगी 6 साल: पहले अग्निवीरों को चार साल की सेवा के बाद सेना से बाहर होना पड़ता था। अब शुरुआती चार साल पूरे होने पर 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलेगा।
स्थायी सैनिक बनने का दूसरा मौका: चार साल बाद नियमित सेवा में चयनित नहीं होने वाले अग्निवीरों को छह साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा नियमित सैनिक बनने का अवसर मिलेगा। इसके लिए निर्धारित चयन प्रक्रिया और मानकों को पूरा करना होगा।
25 फीसदी का पुराना प्रावधान बरकरार: शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद 25 फीसदी अग्निवीरों का मेरिट के आधार पर नियमित सेना में चयन पहले की तरह जारी रहेगा।
अतिरिक्त सेवा में ज्यादा वेतन: दो साल की अतिरिक्त सेवा के दौरान अग्निवीरों को पहले की तुलना में अधिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा सेवा निधि पैकेज और वरिष्ठता से जुड़े लाभों में भी बदलाव किया गया है।
वरिष्ठता के नियमों में बदलाव: छह साल की सेवा के बाद नियमित कैडर में शामिल होने वाले अग्निवीरों की वरिष्ठता उन अग्निवीरों से नीचे रखी जाएगी, जिन्हें शुरुआती चार साल के बाद ही नियमित सेवा में चुन लिया गया था।


