https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

क्या खत्म होने जा रहा है नेतन्याहू का दबदबा? इजरायल की संसद में बदली सत्ता की तस्वीर, मतन कहाना बने नए स्पीकर

क्या खत्म होने जा रहा है नेतन्याहू का दबदबा? इजरायल की संसद में बदली सत्ता की तस्वीर, मतन कहाना बने नए स्पीकर

Israel Politics: इजरायल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मुश्किलें अब संसद के भीतर भी बढ़ती नजर आ रही हैं। उनकी लिकुड पार्टी के उम्मीदवार को पीछे छोड़ते हुए गादी आइजेनकोट के करीबी सहयोगी मतन कहाना को इजरायली संसद (नेसेट) का नया स्पीकर चुन लिया गया है। इस घटनाक्रम को नेतन्याहू की राजनीतिक पकड़ कमजोर होने और विपक्षी खेमे की बढ़ती ताकत के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि स्पीकर का पद केवल संवैधानिक जिम्मेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि संसद में विधेयकों पर चर्चा और मतदान का समय तय करने में भी इसकी अहम भूमिका होती है।

मंगलवार  17 नवंबर को हुए मतदान में 120 सदस्यीय संसद के 66 सदस्यों ने मतन कहाना के पक्ष में वोट किया। वहीं, नेतन्याहू की लिकुड पार्टी की ओर से मैदान में उतरे ओफिर काट्ज को 52 वोट मिले। साथ ही स्पीकर पद के चुनाव को लेकर संसद में करीब सात घंटे तक बहस चली। इस जीत के साथ ही नेतन्याहू के विरोधी खेमे को संसद के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका मिल गई है।

आइजेनकोट के करीबी कहाना को मिली बड़ी जिम्मेदारी

54 वर्षीय मतन कहाना पूर्व विशेष बल सैनिक रह चुके हैं और फिलहाल गादी आइजेनकोट की याशर पार्टी के सदस्य हैं। आइजेनकोट को इजरायल की राजनीति में नेतन्याहू का प्रमुख प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा है। वह इस समय अलग-अलग दलों का समर्थन जुटाकर नई गठबंधन सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कहाना ने स्पीकर चुने जाने के बाद अपने संबोधन में कहा, ”मैं सभी के लिए नेसेट स्पीकर बनूंगा, चाहे उनकी जाति, धर्म या जेंडर कुछ भी हो।” वह अब नेतन्याहू के करीबी अमीर ओहाना की जगह लेंगे, जो 2022 से इस पद पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

बता दें कि कहाना इससे पहले साल 2021 और 2022 के दौरान धार्मिक सेवाओं के मंत्री भी रह चुके हैं। उस समय उन्होंने धार्मिक संस्थाओं के अधिकारों में बदलाव की कोशिश की थी, जिसके चलते उनका अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स यहूदी समुदाय के कुछ वर्गों के साथ टकराव भी हुआ था।

नेतन्याहू की पार्टी ने चुनाव पर जताई नाराजगी

स्पीकर पद के चुनाव में हार के बाद नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने नाराजगी जाहिर की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि कहाना को ऐसे सांसदों का समर्थन मिला है, जिन पर वह आतंकवाद का समर्थन करने का आरोप लगाती है। दरअसल, इजरायल की अरब नेतृत्व वाली पार्टियों ने भी कहाना के समर्थन में मतदान किया। नेतन्याहू चुनाव प्रचार के दौरान अरब नेतृत्व वाले दलों को देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताते रहे हैं। वहीं, इन दलों ने उनके बयानों को भेदभावपूर्ण और नस्लवादी करार दिया था। ऐसे में कहाना के पक्ष में मिले समर्थन ने इजरायल की राजनीति में एक नया समीकरण सामने ला दिया है।

 

संसद में आइजेनकोट गुट की बढ़ी ताकत

गौरतलब है कि 27 अक्टूबर को हुए संसदीय चुनाव में किसी भी राजनीतिक खेमे को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। आइजेनकोट के नेतृत्व वाले गठबंधन को 48 सीटें मिलीं, जबकि नेतन्याहू के नेतृत्व वाले खेमे को 53 सीटों पर जीत मिली। इसके अलावा अरब नेतृत्व वाली दो पार्टियों ने कुल 19 सीटें हासिल कीं।

चुनाव के बाद से ही दोनों खेमों के बीच सरकार बनाने को लेकर खींचतान अब भी जारी है। इजरायल के राष्ट्रपति ने आइजेनकोट को नई गठबंधन सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि, उन्हें सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन जुटाना अभी बाकी है। इस बीच संसद के स्पीकर पद पर कहाना की नियुक्ति के साथ ही आइजेनकोट के सहयोगियों को कई महत्वपूर्ण संसदीय समितियों में भी जिम्मेदारी मिली है। इन समितियों का काम नए कानूनों पर विचार करना और उन्हें आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में अहम होता है।

नेतन्याहू की विवादित नीतियों पर लग सकता है ब्रेक

मतन कहाना के स्पीकर बनने के बाद नेतन्याहू सरकार की कुछ विवादित नीतियों को बदलने की कोशिश तेज हो सकती है। आइजेनकोट और उनके सहयोगी न्यायपालिका की स्वतंत्रता को प्रभावित करने वाले कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री के कार्यकाल की सीमा तय करने से जुड़ा प्रस्ताव भी उनके एजेंडे में शामिल है। इसके अलावा विपक्षी खेमे की एक सबसे बड़ी मांग 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले की स्वतंत्र जांच कराना भी है। इस हमले में इजरायल की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूकों की जांच के लिए आइजेनकोट एक स्वतंत्र सरकारी जांच आयोग गठित करने के पक्ष में हैं।

वहीं, नेतन्याहू स्वतंत्र जांच आयोग के प्रस्ताव का विरोध करते रहे हैं। उनका कहना है कि जांच की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें आयोग के सदस्यों का चयन राजनीतिक प्रक्रिया के जरिए किया जाए। ऐसे में नई संसदीय व्यवस्था उनके लिए एक और चुनौती बन सकती है।

स्पीकर के पास क्यों होती है इतनी ताकत?

इजरायल की संसद को नेसेट कहा जाता है और इसमें कुल 120 सदस्य होते हैं। संसद के स्पीकर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। वह सदन के कामकाज का कार्यक्रम तय करने के साथ विधेयकों पर चर्चा और मतदान की प्रक्रिया को तेज या धीमा कर सकता है। ऐसे में मतन कहाना की नियुक्ति आइजेनकोट के खेमे के लिए रणनीतिक रूप से बड़ी सफलता मानी जा रही है। उन्हें संसद में अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन जुटाना अब भी आइजेनकोट के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।

क्या नेतन्याहू की सत्ता में वापसी मुश्किल होगी?

स्पीकर पद पर अपने उम्मीदवार की हार और संसद की समितियों में विरोधी खेमे की बढ़ती भूमिका ने नेतन्याहू की राजनीतिक स्थिति को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि उनकी राजनीतिक पारी पूरी तरह समाप्त हो गई है। नई सरकार का गठन अभी बाकी है और अगर आइजेनकोट गठबंधन बनाने में असफल रहते हैं, तो राष्ट्रपति नेतन्याहू को दोबारा सरकार बनाने का अवसर दे सकते हैं।

फिलहाल इजरायल की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आइजेनकोट संसद में मिली बढ़त को सरकार बनाने की सफलता में बदल पाएंगे या नेतन्याहू एक बार फिर सत्ता की दौड़ में वापसी करेंगे। लेकिन इतना जरूर है कि नए स्पीकर के चुनाव ने इजरायल की संसद में राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं और नेतन्याहू के लिए आगे की राह पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण बना दी है।

ये भी पढ़ें:-इजराइल में सत्ता की जंग तेज, नेतन्याहू से छिन सकता है प्रधानमंत्री पद, जानें पूरा सियासी गणित

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *