India vs Sri Lanka:भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे गाले टेस्ट के चौथे दिन पंत ने अपने टेस्ट करियर का 100वां छक्का लगाया। इसके साथ ही वह 100 टेस्ट छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। पंत ने यह मुकाम अपनी दूसरी पारी के दौरान हासिल किया। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए कई चौके और छक्के लगाए। जैसे ही पंत ने पारी का दूसरा छक्का लगाया, उनके टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे हो गए।
100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों के क्लब में पंत
श्रीलंका के खिलाफ दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरे पंत ने आक्रामक अंदाज में रन बनाए। चौके और छक्कों की मदद से उन्होंने तेजी से अपना अर्धशतक भी पूरा किया। पारी का दूसरा छक्का लगाते ही उनके टेस्ट करियर में छक्कों की संख्या 100 हो गई। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के बेन स्टोक्स के नाम है। स्टोक्स अब तक 138 छक्के लगा चुके हैं। वहीं न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्कुलम 107 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं। वही पंत और गिलक्रिस्ट 100-100 छक्कों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।
गेंदों के हिसाब से पंत ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
क्रिकेटर ऋषभ पंत की इस उपलब्धि को और अधिक खास बनाती है उनकी रफ्तार, क्योंकि उन्होंने महज 4918 गेंदों का सामना करते हुए टेस्ट में 100 छक्के पूरे किए। अगर बात गिलक्रिस्ट की करें तो उन्होंने 100 टेस्ट छक्के पूरे करने के लिए 6578 गेंदों का सामना किया था। वहीं बेन स्टोक्स ने 9042 और ब्रेंडन मैक्कुलम ने 9756 गेंदों के बाद यह आंकड़ा हासिल किया था। इसके अलावा पंत ने सिर्फ गेंदों के मामले में ही नहीं, बल्कि पारियों की संख्या के लिहाज से भी यह उपलब्धि बेहद तेजी से हासिल की है। उन्होंने 89 पारियों में टेस्ट क्रिकेट के 100 छक्के पूरे किए। यानी कुल मिलाकर पंत ने गिलक्रिस्ट के मुकाबले 41 पारियां कम खेलकर 100 छक्कों का आंकड़ा छू लिया है।
बता दें कि चौथे दिन भारत ने दूसरी पारी में 193 रन बनाए और श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य रखा। भारत ने पहली पारी 462 रन बनाए, जबकि श्रीलंका की टीम पहली पारी में 284 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में ऋषभ पंत ने 69 गेंदों पर 66 रन की तेज-तर्रार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। इसी पारी के दौरान उन्होंने 53 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अपना 100वां टेस्ट छक्का जड़कर इतिहास रच दिया। अब गाले टेस्ट के आखिरी चरण में भारत की नजरें श्रीलंका को 372 रन के लक्ष्य से पहले रोककर मुकाबला अपने नाम करने पर होंगी। पंत का ऐतिहासिक रिकॉर्ड इस मैच की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो चुका है, जबकि नतीजा तय करेगा कि भारत सीरीज में कितनी मजबूत शुरुआत करता है।