समय रैना के शो में बिहार-कश्मीर पर मजाक से विवाद, राजनीतिक गलियारों तक पहुंचा मामला

समय रैना के शो में बिहार-कश्मीर पर मजाक से विवाद, राजनीतिक गलियारों तक पहुंचा मामला

India Got Latent Controversy: कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने बेबाक और डार्क कॉमेडी अंदाज को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उनके शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के नए एपिसोड में कॉमेडियन शेरोन वर्मा नजर आईं। शो के दौरान दोनों के बीच मजाक और रोस्टिंग का सिलसिला शुरू हुआ, लेकिन बातचीत धीरे-धीरे एक-दूसरे की पहचान और बैकग्राउंड पर टिप्पणी तक पहुंच गई। अब शो का यही हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया है।

बिहार और कश्मीर को लेकर हुई नोकझोंक

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के इस एपिसोड में समय रैना और शेरोन वर्मा ने एक-दूसरे की क्षेत्रीय पहचान को लेकर मजाक किया। शेरोन ने समय की कश्मीरी पंडित पहचान पर टिप्पणी की, जिसके बाद समय ने भी शेरोन के बिहार से जुड़े बैकग्राउंड को लेकर चुटकी ली। समय ने शेरोन के बिहार से होने पर मजाक करते हुए कहा कि वह इतनी बिहारी हैं कि उन्हें लगता है कि ‘इबोला’ का मतलब किसी के बोलने से जुड़ा हुआ है। इसके जवाब में शेरोन ने भी समय की कश्मीरी पहचान को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि समय इतना कश्मीरी है कि उसे ‘स्टोन’ यानी नशे में धुत होना पसंद है। इसके बाद दोनों के बीच यह मजाक और आगे बढ़ गया। समय ने शेरोन के बिहार से मुंबई आने और नौकरी की तलाश से जुड़ी टिप्पणी की। इस पर शेरोन ने पलटवार करते हुए कहा कि कम से कम उन्होंने अपना राज्य अपनी मर्जी से छोड़ा था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बातचीत का हिस्सा

शो में हुई इस बातचीत का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ लोगों ने इसे दोनों कॉमेडियन के बीच हुई नोंकझोंक को सामान्य रोस्ट और मजाक का हिस्सा बताया, जबकि कुछ लोगों ने बिहार और कश्मीरी पंडितों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को कॉमेडी का हिस्सा बनाए जाने पर सवाल उठाए। विवाद बढ़ने के बाद यह मामला सोशल मीडिया तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक गलियारों तक भी पहुंच गया। मुंबई से लेकर बिहार और जम्मू-कश्मीर तक इस मामले पर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

समय रैना के शो में हुए इस मजाक को लेकर शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समय रैना को विवादित कॉमेडियन बताते हुए उनके कॉमेडी रूटीन पर सवाल उठाए। आनंद दुबे ने कहा कि समय रैना की कॉमेडी में अक्सर अश्लीलता देखने को मिलती है और वह पहले भी कई विवादों में रह चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पैसे कमाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं। इसके अलावा  बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- कि देश के किसी भी नागरिक या समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। इस तरह की टिप्पणियां समाज को जोड़ने के बजाय लोगों के बीच दूरी पैदा करती हैं। किसी भी राज्य या समुदाय की पहचान को लेकर टिप्पणी करते समय संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाना चाहिए।

जम्मू-कश्मीर पीस फोरम ने भी जताई आपत्ति

वहीं जम्मू-कश्मीर पीस फोरम की ओर से भी इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। संगठन ने कहा कि कॉमेडी करने की आजादी होनी चाहिए, लेकिन इस आजादी के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी है। बिहार कोई अपमानजनक शब्द नहीं है और कश्मीर भी मजाक का विषय नहीं है। संगठन के मुताबिक, कश्मीरी पंडितों के विस्थापन और उनके दर्द जैसे संवेदनशील मुद्दों को महज मजाक या सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली क्लिप तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि समय रैना खुद कश्मीरी पंडित परिवार से आते हैं। वह पहले भी अपने परिवार के कश्मीर से पलायन और उससे जुड़े अनुभवों के बारे में बात कर चुके हैं। ऐसे में शो में कश्मीर और कश्मीरी पंडितों से जुड़ी टिप्पणी को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल इस पूरे विवाद को लेकर लोगों की राय अलग-अलग है। कुछ लोग इसे दोनों कॉमेडियन के बीच होने वाली सामान्य रोस्टिंग और मजाक का हिस्सा मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि समुदाय, क्षेत्र और लोगों की पहचान से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को लेकर मजाक करते समय एक सीमा का ध्यान रखना चाहिए।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *