Sidhu Moose Wala: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है। उनकी मौत के करीब साढ़े चार साल बाद उनके एक पुराने रिकॉर्डेड गाने ‘फैंटम’ की रिलीज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सिद्धू के माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर ने म्यूजिक कंपनी सागा म्यूजिक पर बिना अनुमति गाना रिलीज करने का आरोप लगाया है। साथ ही आपत्ति जताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

वहीं, सागा म्यूजिक का दावा है कि इस गाने के ऑडियो राइट्स को लेकर सिद्धू मूसेवाला के साथ पहले ही समझौता हो चुका था। कंपनी ने अपने दावे के समर्थन में कथित एग्रीमेंट का एक पन्ना और सिद्धू का पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है।
क्या है ‘फैंटम’ गाने का पूरा विवाद?
सागा म्यूजिक ने हाल ही में सिद्धू मूसेवाला के पहले से रिकॉर्ड किए गए गाने ‘फैंटम’ का टीजर सोशल मीडिया पर जारी किया था। इसके बाद सिद्धू के माता-पिता ने कंपनी के इस कदम पर नाराजगी जाहिर की। परिवार का कहना है कि उन्होंने कंपनी से गाने की रिलीज रोकने और बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की अपील की थी। इसके बावजूद कंपनी ने उनकी सहमति के बिना गाना रिलीज कर दिया। परिवार ने यह भी दावा किया कि कंपनी के पास उनकी ओर से गाना जारी करने की कोई वैध अनुमति नहीं है।

सागा म्यूजिक ने एग्रीमेंट दिखाकर किया अपना पक्ष मजबूत
परिवार के आरोपों के बाद सागा म्यूजिक ने सोशल मीडिया पर सिद्धू मूसेवाला के साथ हुए कथित समझौते का पहला पन्ना साझा किया। कंपनी के मुताबिक, सिद्धू के साथ गाने के ऑडियो राइट्स को लेकर एग्रीमेंट हुआ था और इसके बदले उन्हें भुगतान भी किया गया था। हालांकि, कंपनी ने पूरा समझौता सार्वजनिक नहीं किया। उसका कहना है कि दस्तावेज में कुछ निजी जानकारियां और गोपनीय शर्तें शामिल हैं। इसके साथ ही कंपनी ने सिद्धू का एक पुराना वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह खुद ‘फैंटम’ गाने को सागा म्यूजिक पर रिलीज किए जाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। इस तरह इस मामले में दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। जहां परिवार रिलीज के लिए अपनी मंजूरी नहीं होने की बात कह रहा है, वहीं कंपनी पुराने समझौते का हवाला दे रही है।
परिवार ने दूसरी म्यूजिक कंपनियों को भी दी नसीहत
बलकौर सिंह और चरण कौर ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि सिद्धू मूसेवाला के नाम, संगीत और उनसे जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए वे जरूरी कानूनी कदम उठा रहे हैं। उन्होंने दूसरे गायकों, म्यूजिक लेबल्स और प्रोड्यूसर्स से भी अपील की है कि अगर उनके पास सिद्धू का कोई गाना या उससे संबंधित दस्तावेज हैं, तो उसे रिलीज करने या सार्वजनिक रूप से कोई घोषणा करने से पहले परिवार से संपर्क करें। परिवार चाहता है कि सिद्धू के गानों और संगीत से जुड़े सभी मामलों में पहले उनसे बातचीत की जाए।

पहले भी विवादों में रहे सिद्धू मूसेवाला के गाने
बता दें कि सिद्धू मूसेवाला के गानों को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं। जिसमें साल 2022 में अफसाना खान के साथ उनके गाने ‘जांदी वार’ की रिलीज को लेकर विवाद हुआ था। उस समय परिवार की मांग पर मानसा कोर्ट ने गाने की रिलीज पर रोक लगा दी थी। वहीं इसी साल सिद्धू का गाना ‘SYL’ रिलीज से पहले इंटरनेट पर लीक हो गया था। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और लोगों से अपील की थी कि उनकी अनुमति के बिना सिद्धू के काम को साझा न किया जाए।
29 मई 2022 को हुई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या
सिद्धू मूसेवाला का असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू था। 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। उस समय उनकी उम्र महज 28 साल थी। उनकी मौत के बाद भी उनके कई रिकॉर्डेड गाने रिलीज हो चुके हैं और आज भी उनके प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। फिलहाल ‘फैंटम’ को लेकर परिवार और सागा म्यूजिक के बीच अधिकारों और अनुमति का विवाद सामने है।

