Kalraj Mishra wife Passes Away: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन हो गया है। 79 वर्षीय सत्यवती मिश्रा ने शनिवार देर रात नोएडा के मेट्रो अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब एक सप्ताह से फेफड़ों में संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती थीं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। कलराज मिश्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए पत्नी के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में सत्यवती मिश्रा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

सीएम योगी ने व्यक्त की संवेदना
सत्यवती मिश्रा के निधन की खबर सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने कलराज मिश्र और उनके परिवार के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सीएम योगी ने कलराज मिश्र को भाजपा परिवार का वरिष्ठ सदस्य बताते हुए कहा कि उनकी धर्मपत्नी का निधन बेहद दुखद है। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।
भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, पूर्व राज्यपाल श्री कलराज मिश्र जी की धर्मपत्नी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 13, 2026
ब्रजेश पाठक अस्पताल पहुंचे थे
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सत्यवती मिश्रा के निधन पर दुख जताया। इससे पहले शनिवार को वह नोएडा के मेट्रो अस्पताल पहुंचे थे और कलराज मिश्र से मुलाकात कर उनकी पत्नी के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। सत्यवती मिश्रा के निधन की सूचना मिलने के बाद भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक अस्पताल पहुंचे। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए नोएडा सेक्टर-51 स्थित निजी आवास पर रखा गया हैं ।
भाजपा नोएडा महानगर के पदाधिकारी अमित त्यागी का कहना है कि पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवासी स्थान पर दोपहर 12:30 बजे करीब किया जाएगा। भाजपा के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
कौन हैं कलराज मिश्र?
कलराज मिश्र भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने केंद्र सरकार में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली है। इसके अलावा वह हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के राज्यपाल रह चुके हैं। कलराज मिश्र 2014 से 2019 के बीच उत्तर प्रदेश के देवरिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे। वर्ष 2019 में उन्हें राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया था और उन्होंने 2024 तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली। लंबे राजनीतिक अनुभव के चलते भाजपा में उनकी गिनती पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में होती हैं।

