Jammu News: जम्मू में जन्मदिन की पार्टी के दौरान मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। लोअर रूप नगर इलाके के पास जन्मदिन मनाने के दौरान एक युवक ने अपने दोस्त की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उसके साथी इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) जम्मू लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।
केक लगाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को नीरज उर्फ अंशु लोअर रूप नगर के पास दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मना रहा था। इस दौरान उसके साथ जॉन सोट्रा, गौरव सिंह, सुगंध भट्टी और पवन नायर उर्फ समीर भी मौजूद थे। नीरज का भाई रिशु भी पार्टी में शामिल था। बताया गया कि केक काटने के दौरान पवन नायर ने नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। मौके पर मौजूद दोस्तों ने विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ गया।
गुस्से में चाकू से किया हमला
प्रारंभिक जांच के अनुसार, विवाद के दौरान नीरज ने कथित तौर पर अपने पास मौजूद चाकू निकाल लिया और पवन नायर की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में नायर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसके दोस्तों ने उसे तुरंत GMC जम्मू पहुंचाया। अस्पताल की पुलिस चौकी से जानीपुर पुलिस स्टेशन को घटना की सूचना दी गई। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद पवन नायर को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम GMC जम्मू पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जानीपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में नीरज और उसके भाई रिशु को पकड़ लिया गया है। दोनों फिलहाल जानीपुर पुलिस स्टेशन में पुलिस हिरासत में हैं। वारदात में इस्तेमाल चाकू को बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।