‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक हुआ रिलीज, दूल्हा-दुल्हन के रूप में दिखे आयुष्मान खुराना और शरवरी

‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक हुआ रिलीज, दूल्हा-दुल्हन के रूप में दिखे आयुष्मान खुराना और शरवरी

Ayushman khurana: बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना और एक्ट्रेस शरवरी वाघ की अपकमिंग फिल्म ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक रिलीज हो गया है। गाना सामने आते ही दर्शकों के बीच इसे पसंद किया जा रहा है। इस गाने में प्यार, शादी और परिवार के खूबसूरत रंग देखने को मिलते हैं। खास बात यह है कि इसमें आयुष्मान और शरवरी शादी के जश्न के बीच नजर आ रहे हैं।

इस गाने के वीडियो में आयुष्मान और शरवरी को शादी के अलग-अलग पलों का हिस्सा बनते देखा जा सकता है। दोनों पारंपरिक परिधानों में नजर आते हैं और कई मौकों पर एक-दूसरे के साथ रोमांटिक अंदाज में दिखाई देते हैं। एक ओर शरवरी का ब्राइडल लुक, तो दूसरी ओर आयुष्मान का दूल्हे वाला अंदाज गाने की थीम से पूरी तरह मेल खाता है। इसके अलावा वीडियो में सजावट, रंगीन सेट और पारंपरिक शादी की झलक फिल्म के पारिवारिक माहौल को दर्शाती है। आयुष्मान और शरवरी की जोड़ी स्क्रीन पर काफी सहज दिखाई देती है, जिससे फिल्म की प्रेम कहानी की एक झलक मिलती है।

श्रेया घोषाल और निहाल टौरो की आवाज

फिल्म के इस गाने को हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है, जबकि श्रेया घोषाल और निहाल टौरो ने इसे अपनी आवाज दी है। गाने की धुन रोमांस और पारिवारिक भावनाओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। वहीं, राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्मों में संगीत का हमेशा खास स्थान रहा है। ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन..!’, ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘विवाह’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी फिल्मों में गाने कहानी का अहम हिस्सा रहे हैं। अब ‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक भी इसी परंपरा में प्रेम और परिवार को केंद्र में रखता नजर आ रहा है।

सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी फिल्म

बता दें कि इस अपकमिंग फिल्म का निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है। निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्मों में प्रेम और परिवार को प्रमुखता दी गई है। वहीं, इस फिल्म के जरिए वह एक बार फिर ऐसी कहानी लेकर आ रहे हैं, जिसमें रिश्तों और परिवार को खास महत्व दिया गया है। इससे पहले वह ‘ऊंचाई’ का निर्देशन कर चुके हैं। सबसे खास बात यह है कि फिल्म में आयुष्मान खुराना राजश्री के चर्चित किरदार ‘प्रेम की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, शरवरी उनके अपोजिट दिखाई देंगी। दोनों कलाकार पहली बार किसी फिल्म में साथ नजर आएंगे।

फिर साथ आए सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया

इस फिल्म के लिए सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया ने एक बार फिर साथ काम किया है। दोनों इससे पहले ‘प्रेम रतन धन पायो’ के लिए भी साथ आ चुके हैं। फिल्म का टाइटल ट्रैक ‘प्रेम रतन धन पायो’ दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। ऐसे में इस फिल्म के म्यूजिक को लेकर भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से बनी यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। वहीं, टाइटल ट्रैक के जरिए फिल्म की प्रेम कहानी और पारिवारिक माहौल की पहली झलक दर्शकों के सामने आ चुकी है।

ये भी पढ़ें:- ‘मिर्जापुर द मूवी’ के ‘शूरवीर’ गाने पर क्यों मचा बवाल? दिल्ली हाईकोर्ट ने जताई आपत्ति, जानें पूरा विवाद

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *