https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

Asian Games 2026: पहले महिला टीम, फिर पुरुषों का कमाल, कबड्डी में भारत ने जीते दो गोल्ड मेडल

Asian Games 2026: पहले महिला टीम, फिर पुरुषों का कमाल, कबड्डी में भारत ने जीते दो गोल्ड मेडल

एशियन गेम्स 2026 में आज का दिन भारत के लिए गोल्डन डे साबित हुआ। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पुरुष कबड्डी में एशियन गेम्स का अपना नौवां गोल्ड मेडल हासिल किया। खास बात यह रही कि भारत ने आज कबड्डी के महिला और पुरुष दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर गोल्डन डबल पूरा किया।

आज हुए फाइनल मुकाबले में भारत और ईरान के बीच शुरुआत से ही कड़ी टक्कर देखने को मिली। ईरानी खिलाड़ियों ने शुरुआती मिनटों में आक्रामक खेल दिखाया और भारतीय टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की। वहीं  भारत ने भी शानदार डिफेंस और सुपर टैकल के जरिए अंक जुटाए और मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी। जिसके बाद दोनों टीमों के बीच लगातार बढ़त लेने और बराबरी करने का सिलसिला चलता रहा।

पहले हाफ के अंतिम चरण में ईरान ने जोरदार वापसी की। भारतीय टीम को ऑलआउट करने के बाद ईरान ने 14-13 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव में अपना संयम नहीं खोया, लेकिन पहले हाफ की समाप्ति तक ईरान मामूली बढ़त बनाए रखने में सफल रहा। हाफ टाइम पर स्कोर ईरान के पक्ष में 18-17 था। दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने पूरी तरह से मुकाबले का रुख बदल दिया। शुरुआत में दोनों टीमों के बीच फिर बराबरी का खेल देखने को मिला, लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रवैया अपनाया। भारत ने लगातार अंक जुटाए और ईरान पर दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया। एक समय भारत ने 23-21 की बढ़त बना ली थी।

जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ा, भारतीय टीम की बढ़त मजबूत होती गई। मैच के आखिरी 10 मिनट में भारत 29-24 से आगे था। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार डिफेंस के साथ ईरानी रेडर्स को रोकना जारी रखा और अपनी बढ़त को बरकरार रखा। ईरान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने निर्णायक पलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी।

आखिरकार भारत ने ईरान को 40-34 से शिकस्त देकर एशियन गेम्स 2026 में पुरुष कबड्डी का गोल्ड मेडल जीत लिया। जैसे ही आखिरी सीटी बजी, भारतीय खिलाड़ी खुशी से झूम उठे। इस जीत के साथ भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में एक बार फिर अपना दबदबा कायम किया।

वहीं फाइनल से पहले भी भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। और सेमीफाइनल में भारत ने थाईलैंड को 66-28 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद खिताबी मुकाबले में ईरान को हराकर भारत ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया हैं ।

भारत के लिए क्यों साबित हुआ गोल्डन डे?

भारत के लिए 26 सितंबर इसलिए भी खास रहा क्योंकि पुरुष टीम से पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी फाइनल में ईरान को हराकर गोल्ड मेडल जीता। महिला टीम ने बेहद रोमांचक मुकाबले में ईरान को 37-34 से मात दी। इस मुकाबले में भारत ने पहले हाफ में 22-16 की बढ़त बनाई थी, लेकिन दूसरे हाफ में ईरान ने जोरदार वापसी करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के बीच शानदार खेल दिखाया और तीन अंकों के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

महिला कबड्डी टीम का यह एशियन गेम्स में चौथा गोल्ड मेडल है। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने 2010, 2014 और 2022 में स्वर्ण पदक जीता था। 2018 में भारत को फाइनल में ईरान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। 2026 में टीम ने उसी ईरानी चुनौती को पार करते हुए फिर से गोल्ड अपने नाम कर लिया।

इस तरह भारत ने आज कबड्डी के दोनों वर्गों में ईरान को हराकर दो स्वर्ण पदक हासिल किए। पुरुष टीम ने 40-34 और महिला टीम ने 37-34 के अंतर से जीत दर्ज की। भारतीय पुरुष टीम का यह एशियन गेम्स में नौवां कबड्डी गोल्ड है, जबकि महिला टीम का चौथा स्वर्ण पदक है।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *