Gorakhnath News: शारदीय नवरात्रि की महानवमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में भक्तिमय माहौल है। मंदिरों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं घरों और मंदिरों में कन्या पूजन कर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक विधि-विधान से कन्या पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा-अर्चना की और अपने हाथों से उन्हें भोजन कराया। गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मुख्यमंत्री ने मंदिर की परंपरा का निर्वहन करते हुए कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई, उपहार और दक्षिणा भेंट की। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल पर स्थित भोजन कक्ष में कन्या पूजन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौ कन्याओं को नौ दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया। उन्होंने पीतल के परात में जल लेकर बारी-बारी से कन्याओं के चरण पखारे। इसके बाद उनके माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत का तिलक लगाया। मुख्यमंत्री ने कन्याओं को पुष्प अर्पित किए और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ के ज्वारे से पूजन किया। इसके बाद उन्होंने कन्याओं को माला पहनाई और चुनरी ओढ़ाकर उपहार व दक्षिणा भेंट की। पूजन के दौरान मुख्यमंत्री ने कन्याओं का आशीर्वाद भी लिया।
कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से परोसा भोजन
पूजा-अर्चना पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से भोजन परोसा। मंदिर की रसोई में तैयार भोजन प्रसाद श्रद्धापूर्वक बच्चों को खिलाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत करते भी नजर आए।
भोजन परोसते समय उन्होंने इस बात का विशेष ध्यान रखा कि किसी भी बच्चे की थाली में प्रसाद की कमी न रहे। इसके लिए उन्होंने मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को जरूरी निर्देश भी दिए। नौ कन्याओं के अतिरिक्त मंदिर में पहुंची अन्य बालिकाओं और बटुकों का भी पूजन किया गया और उनकी आरती उतारी गई। गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल के अलावा भूतल पर भी कन्या भोज की व्यवस्था की गई थी। सभी कन्याओं और बटुकों को भोजन कराने के बाद उपहार और दक्षिणा प्रदान की गई।

नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है कन्या पूजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महानवमी के अवसर पर कहा कि जगत जननी मां भगवती का नौवां स्वरूप मां सिद्धिदात्री सभी सिद्धियां प्रदान करने वाला है। महानवमी पर कन्या पूजन के माध्यम से सनातन धर्म को मानने वाले लोग मातृशक्ति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि बासंतिक और शारदीय नवरात्र की परंपरा नारी के प्रति सर्वोच्च सम्मान का संदेश देती है। गोरखनाथ मंदिर की इस पावन परंपरा से जुड़कर कन्याओं का पूजन करने और उन्हें भोजन कराने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्र में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। इस परंपरा के माध्यम से छोटी कन्याओं में मां दुर्गा के स्वरूप का दर्शन कर उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया जाता है।
गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया कन्या पूजन गोरक्षपीठ की पारंपरिक धार्मिक गतिविधियों का हिस्सा रहा। कन्याओं के चरण पखारने, तिलक लगाने, भोजन कराने और उपहार देने की इस परंपरा के माध्यम से श्रद्धा, सेवा और नारी सम्मान का संदेश दिया गया। महानवमी के अवसर पर आयोजित इस अनुष्ठान का समापन कन्याओं और बटुकों को भोजन प्रसाद वितरित करने तथा उनका आशीर्वाद लेने के साथ हुआ।

