https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपी कोटा से गिरफ्तार, नेपाल भागने की थी तैयारी

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपी कोटा से गिरफ्तार, नेपाल भागने की थी तैयारी

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के बाद फरार हुए तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर राजस्थान एजीटीएफ और कोटा सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन से मुंबई से फरार होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की योजना दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की थी, लेकिन इससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया।

15 मिनट में पुलिस ने पकड़े तीनों आरोपी

कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के अनुसार, मुंबई पुलिस से आरोपियों के ट्रेन में सवार होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हो गई। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया गया और करीब 15 मिनट के भीतर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। बताया गया कि आरोपी ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, तीनों ने मुंबई में वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से निकलने में देर नहीं की। वे पहले जयपुर और फिर दिल्ली के रास्ते नेपाल जाने की योजना बना रहे थे। हालांकि, मुंबई पुलिस से समय पर जानकारी मिलने के कारण उनकी कोशिश नाकाम हो गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस के हवाले किए जाने की जानकारी दी गई।

कौंन है तीनों आरोपी

एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के सिलसिले में पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ रोशन, पुत्र रामू महतो, के रूप में हुई है। वह मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित उर्दू स्कूल के पास रहता था और रैपिडो चालक के तौर पर काम करता था। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले की ईदगाह कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय रेहान, पुत्र रिशुद्दीन अंसारी, के रूप में हुई है। इसके अलावा तीसरा आरोपी नाबालिग है, जो हरियाणा के सोनीपत जिले के बड़ौदा थूथन का रहने वाला बताया गया है।

लॉरेंस गैंग से कनेक्शन की जांच

इस मामले में लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित का नाम भी सामने आया है। पुलिस से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग का कथित कॉन्ट्रैक्ट अनिल पंडित ने हरियाणा के रेहान को दिया था। इसके बाद रेहान ने कथित तौर पर अन्य लोगों को इस वारदात में शामिल किया। हालांकि, इस कथित कॉन्ट्रैक्ट और गैंग से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों और पुलिस के आधिकारिक बयान के आधार पर ही होगी। फिलहाल, आरोपियों से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग की साजिश कैसे रची गई और इसके पीछे किसका हाथ था।

18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग

यह घटना 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ फुटबॉल ग्राउंड से अपनी कार में लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पिस्तौल से फायरिंग कर दी। घटना के दौरान कार के ड्राइवर समेत दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, फायरिंग के दौरान टाइगर श्रॉफ ने खुद को बचाने के लिए नीचे की ओर झुकने की कोशिश की। इस वजह से उन्हें गोली नहीं लगी, हालांकि शीशे का टुकड़ा लगने से उन्हें चोट पहुंची थी। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। अब कोटा से तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश होगी कि हमलावरों को वारदात के लिए किसने निर्देश दिए और इसके पीछे की पूरी साजिश क्या थी।

ये भी पढ़ें:- टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट, अंधेरी स्टेशन पर मिली बाइक, क्राइम ब्रांच करेगी जांच

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *