Baghpat Murder Case: उत्तर प्रदेश के बागपत से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने लोगों का हैरानी में डाल दिया है। यहां लहचौड़ा स्थित गणेश मंदिर के परिसर में खुदाई के दौरान दो युवकों के शव बरामद किए गए हैं। यह दोनों युवक 25 जुलाई से लापता थे, और 29 जुलाई को उनके परिजनों ने चांदीनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मंदिर के महंत और उसके शिष्यों पर शक जताया। इसके बाद मंदिर परिसर में खुदाई कराई गई, जहां से इन दोनों युवकों के शव मिले है।
मंदिर परिसर से जिन युवकों के शव बरामद हुए है उनकी पहचान सिंगोली तगा गांव के निवासी इसरार पुत्र रिड़कू और गांव के ही दिव्यांग युवक अंकित पुत्र (मुकेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आपस में दोस्त थे, और 25 जुलाई को दोनों बाइक पर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटे। जिसके बाद परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने के बाद, उन्होंने 29 जुलाई को चांदीनगर थाने में दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दोनों युवकों की तलाश में जुटी थी, इसी दौरान लहचौड़ा स्थित गणेश मंदिर के महंत नरेश नाथ के बारे में कुछ अहम जानकारी सामने आई। कि महंत घटना के बाद से भी फरार चल रहा है जिसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया, और महंत के दो शिष्यों कृष्ण यादव और उज्ज्वल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। इस पूछताछ में पुलिस को मंदिर के परिसर में युवकों के शव दफन किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस की टीम 12 अगस्त की रात करीब तीन बजे गणेश मंदिर पहुंची और प्रागंण में एक स्थान पर खुदाई शुरू कर दी। जहां खुदाई के दौरान दोनों युवकों के शव बरामद हुए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेज दिया है। शवों के बरामद होने की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक अंकित की बहन से महंत के कथित अवैध संबंध थे। बताया जा रहा है कि इसी मामले को लेकर अंकित अपने दोस्त इसरार के साथ महंत से बात करने गया था, जिसके बाद ही दोनों लापता हो गए। पुलिस अब इस घटना के संभावित कारणों को ध्यान में रख कर जाच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर ही है कि क्या इस घटना के पीछे कथित अवैध संबंध थे या कोई पुरानी रंजिश। और इस वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर हत्या के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।

