Tiger Shroff Firing Case: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के मामले में जांच तेज हो गई है। जुहू इलाके में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हो चुकी है, जबकि संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। इस बीच, विदेश में मौजूद गैंगस्टर अनिल पंडित की ओर से गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा भी सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इस घटना का किसी गैंग से संबंध है।

टाइगर श्रॉफ की कार पर कैसे हुई फायरिंग?
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ की कार जुहू इलाके के पुष्पा पार्क पहुंची थी। अभिनेता कार की आगे वाली सीट पर बैठे थे और उनका ड्राइवर फिरदौस गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने कार को निशाना बनाकर पांच राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान एक्टर के ड्राइवर को गोली लग गई। इसके बाद वह गाड़ी से बाहर निकल आया। ऐसी स्थिति में टाइगर ने खुद ड्राइविंग सीट संभाली और घायल ड्राइवर को लेकर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां ड्राइवर को भर्ती कराया और अपने हाथ पर लगी चोट की ड्रेसिंग भी करवाई।
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में टाइगर की बांह और सीने के आसपास पट्टियां दिखाई दीं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अभिनेता से मुलाकात के बाद बताया कि उनके हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है। फायरिंग के दौरान अभिनेता का एक फैन उमेश चव्हाण भी इस घटना में घायल हुआ है जिसकी हालत गंभीर बताई गई और बेहतर इलाज के लिए उसे कूपर अस्पताल से केईएम अस्पताल में शिफ्ट किया गया।

अंधेरी स्टेशन के बाहर मिली बाइक
गोलीबारी के बाद फरार हुए आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक मिल गई है। पुलिस के अनुसार, हमलावर बाइक को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर फरार हो गए थे। जांच में उनके ट्रेन से भागने की आशंका भी सामने आई है। पुलिस ने बाइक जब्त कर उसके रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, यह पल्सर बाइक तीन अलग-अलग लोगों को बेची जा चुकी थी। बाइक के पहले मालिक के जोगेश्वरी में रहने की बात सामने आई है। पुलिस ने बाइक के मालिक से पूछताछ भी की है। जांच में यह भी पता चला है कि बाइक के तीसरे मालिक को पैसे मिल चुके थे, लेकिन मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेजों का हस्तांतरण नहीं हुआ था। बताया गया है कि कागजी प्रक्रिया नवरात्रि के बाद पूरी होनी थी। पुलिस इस पूरी कड़ी की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाइक हमलावरों तक कैसे पहुंची।
तीन संदिग्धों की तलाश, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जुहू पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के साथ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। इसके अलावा घटना के बाद सामने आई एक तस्वीर में दो संदिग्ध युवक सफेद शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक ने काली कैप लगा रखी है। हालांकि, तस्वीर कब और कहां ली गई थी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसलिए तस्वीर के आधार पर संदिग्धों की पहचान को अंतिम नहीं माना जा सकता।
वहीं पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ताकि हमलावरों की आवाजाही, बाइक के इस्तेमाल और वारदात के बाद उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। बता दें कि शुरुआत में इस मामले की जांच जुहू पुलिस कर रही थी, लेकिन अब इसे मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। जांच एजेंसियां आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हैं।

अनिल पंडित ने ली जिम्मेदारी
घटना के बाद विदेश में मौजूद गैंगस्टर अनिल पंडित का नाम भी चर्चा में आया है। उसके नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और कथित ऑडियो क्लिप सामने आने की जानकारी दी गई है। दावा किया गया है कि अनिल पंडित ने टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। बताया जा रहा है कि ऑडियो में वह खुद को लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बताता है और हमले की जिम्मेदारी लेने के साथ फिल्म इंडस्ट्री को धमकी देता है। इसी कथित ऑडियो में सलमान खान को भी चेतावनी देने और लॉरेंस बिश्नोई तथा बिश्नोई समुदाय से माफी मांगने की बात कही गई है।
शिंदे ने कहा- किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं होगी
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद कहा कि अभिनेता का किसी से विवाद या झगड़ा होने की जानकारी नहीं है। इसके बावजूद उन पर इस तरह का हमला होना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि घटना से टाइगर और उनकी मां काफी घबराए हुए हैं। शिंदे ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार अभिनेता और अन्य सार्वजनिक हस्तियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धमकी या हिंसा की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पुलिस गैंगवार जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई करेगी।
फिलहाल, इस मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी क्यों की गई और इसके पीछे कौन लोग हैं। बाइक की बरामदगी, सीसीटीवी फुटेज और कथित गैंग कनेक्शन की जांच से मामले की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।

