इजरायल से ऑस्ट्रिया जा रही एक यात्री फ्लाइट में बम होने की धमकी मिलने से विमानन सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। संभावित खतरे को देखते हुए विमान को उसके निर्धारित रास्ते से हटाकर बुल्गारिया की राजधानी सोफिया में उतारना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बुल्गारियाई वायुसेना ने MiG-29 लड़ाकू विमानों की मदद से यात्री विमान को एयरपोर्ट तक एस्कॉर्ट किया। विमान में 51 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे। हालांकि, शुरुआती जानकारी में विमान के अंदर बम मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। अब जांच के जरिए धमकी के स्रोत और उसके पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
यह घटना 18 अक्टूबर 2026 की है। जब ऑस्ट्रियन एयरलाइंस की फ्लाइट OS82 इजरायल के तेल अवीव स्थित बेन गुरियन एयरपोर्ट से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना के लिए रवाना हुई थी। विमान अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रहा था, तभी उड़ान के दौरान रोमानिया की सीमा के पास चालक दल को बम की धमकी से जुड़ी सूचना मिली। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान का मार्ग बदलने का फैसला किया गया।
धमकी मिलने के बाद विमान को बुल्गारिया की राजधानी सोफिया की ओर मोड़ दिया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों के बीच संपर्क बनाए रखा गया, ताकि विमान को सुरक्षित तरीके से उतारा जा सके। बुल्गारिया के परिवहन मंत्रालय ने भी विमान की आपात लैंडिंग की पुष्टि की। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वायुसेना को सक्रिय किया गया और लड़ाकू विमानों की तैनाती की गई।
MiG-29 लड़ाकू विमानों ने संभाली सुरक्षा की जिम्मेदारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुल्गारियाई वायुसेना ने MiG-29 लड़ाकू विमान तैनात किए। इन विमानों ने ऑस्ट्रियन एयरलाइंस की फ्लाइट को सोफिया एयरपोर्ट तक एस्कॉर्ट किया। बता दें कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में यात्री विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करना होता है। विमान के एयरपोर्ट पर उतरने के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी शुरू की। अधिकारियों ने यह पता लगाने की कोशिश की कि धमकी कितनी विश्वसनीय थी और क्या विमान में किसी तरह का विस्फोटक मौजूद था।
51 यात्री और चालक दल के छह सदस्य थे सवार
बता दें कि फ्लाइट OS82 में कुल 57 लोग सवार थे, जिनमें 51 यात्री और चालक दल के छह सदस्य शामिल थे। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया गया। ऐसी परिस्थितियों में विमान को निर्धारित गंतव्य तक ले जाने के बजाय नजदीकी उपयुक्त एयरपोर्ट पर उतारना यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कदम माना जाता है। विमान की तलाशी और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद यात्रियों को वियना पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी सामने आई।
धमकी के पीछे किसका हाथ, जांच में जुटे अधिकारी
रिपोर्टों में दावा किया गया कि बम की धमकी देने वाला व्यक्ति विमान में सवार नहीं था। एक ऑस्ट्रियाई नागरिक की ओर से विमान में बम होने की सूचना दिए जाने की बात भी सामने आई। हालांकि, धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान, सूचना देने की परिस्थितियों और उसके पीछे के उद्देश्य को लेकर अंतिम पुष्टि नही हुई है सुरक्षा एजेंसियों अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी वास्तविक खतरे से जुड़ी थी या किसी ने जानबूझकर गलत सूचना दी थी। इसके अलावा जांच में धमकी के स्रोत और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
फिलहाल, ऑस्ट्रियन एयरलाइंस की फ्लाइट OS82 की सोफिया में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सबसे अहम सवाल यही है कि बम की धमकी किसने दी और उसका मकसद क्या था। विमान की सुरक्षित लैंडिंग से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है, लेकिन घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
ये भी पढ़ें:- इमरान खान की रिहाई पर फिर गरमाई पाकिस्तान की सियासत, तहरीक-ए-इंसाफ ने शुरू किया लॉन्ग मार्च

