पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को संगरूर और पटियाला का दौरा किया। बीजेपी की ओर से चलाए जा रहे ‘नशामुक्त पंजाब’ अभियान के तहत उन्होंने कई इलाकों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा भी लिया। इस दौरान उन्होंने नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के साथ युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की जरूरत पर भी बात की।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पंजाब के लहरा (हमीरगढ़), बौपर-खनौरी, शुतराना, ककराला और समाना में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने कहा कि नशे की लत का असर केवल संबंधित व्यक्ति पर नहीं पड़ता, बल्कि इससे परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति भी प्रभावित होती है। इसलिए इस चुनौती से निपटने के लिए समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उपमुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन, संगरूर-2 की जिलाध्यक्ष दामन बाजवा, पटियाला जिलाध्यक्ष हरमेश गोयल और नशामुक्ति यात्रा के संयोजक/प्रभारी दयाल सिंह सोढ़ी समेत कई पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
शिक्षा और रोजगार से जोड़ने पर जोर
जनसभाओं को संबोधित करते हुए ब्रजेश पाठक ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षा, खेल और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को रचनात्मक कामों में लगाया जाना चाहिए, ताकि उनकी ऊर्जा सही दिशा में इस्तेमाल हो सके। साथ ही उन्होंने परिवारों से भी बच्चों और युवाओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने तथा नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूक करने की अपील की। उनके मुताबिक, नशे के खिलाफ लड़ाई को केवल सरकारी या राजनीतिक अभियान के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसमें समाज की व्यापक भागीदारी जरूरी है।
नशामुक्त पंजाब यात्रा में हुए शामिल
पंजाब दौरे के दौरान ब्रजेश पाठक ने ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ में भी भाग लिया। यात्रा के जरिए लोगों तक नशे के नुकसान का संदेश पहुंचाने और अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की कोशिश की गई। ककराला और समाना में हुई सभाओं में उन्होंने नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए परिवार, समाज और संगठनों को मिलकर काम करने की बात कही।
पंजाब पहुंचने के बाद ब्रजेश पाठक ने लहरा (हमीरगढ़) में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम भी सुना। इस दौरान कार्यक्रम में उठाए गए जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान ब्रजेश पाठक ने पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश के मॉडल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ सप्लाई चेन तोड़ने, नशे से होने वाली कमाई पर रोक लगाने और प्रभावित लोगों के पुनर्वास पर भी ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ की गई कार्रवाई का उदाहरण देते हुए पंजाब में भी नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
बता दें कि भाजपा की ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ 18 सितंबर से शुरू हुई है और 30 सितंबर को जालंधर में इसके समापन का कार्यक्रम है। पार्टी के मुताबिक, यात्रा का उद्देश्य राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश पहुंचाना है। इस दौरान करीब 4,000 किलोमीटर की यात्रा के जरिए नशे के साथ-साथ कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को भी अभियान से जोड़ा गया है। ऐसे में संगरूर और पटियाला में ब्रजेश पाठक का दौरा भी इसी अभियान की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में परिवार, समाज, युवाओं और संगठनों की सामूहिक भागीदारी पर जोर देते हुए नशामुक्त और सुरक्षित पंजाब के लिए जनजागरूकता को मजबूत करने का संदेश दिया।
ये भी पढ़ें:- रोजगार पाने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बने युवा, UP Trade Show से पहले CM योगी ने की ये अपील




