UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार (30 सितंबर 2026) को बांस से जुड़े पारंपरिक काम करने वाले समाज का महासम्मेलन आयोजित किया गया। बांसकार महासंघ के तत्वावधान में यह कार्यक्रम विश्वेश्वरैया सभागार में हुआ, जिसमें प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक शामिल हुए। इनके अलावा इस सम्मेलन में धरकार, बसोड़, वेन बंशी और बांसफोड़ समेत बांस के काम से जुड़े समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस महासम्मेलन में बांस से जुड़े समाज की आर्थिक और सामाजिक स्थिति, रोजगार और पारंपरिक काम में सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिसमें समाज के लोगों ने बांस की कमी और कच्चे माल की उपलब्धता से जुड़ी अपनी समस्याएं भी सामने रखीं। बांस आधारित काम को बढ़ावा देने, बांस की खेती को प्रोत्साहित करने और कच्चे माल की उपलब्धता बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
बांस से बने सामान तैयार करना इन समुदायों की पारंपरिक आजीविका का अहम हिस्सा रहा है। हालांकि, समय के साथ कच्चे माल की उपलब्धता, बाजार में बदलाव और प्लास्टिक से बने सामान के बढ़ते इस्तेमाल जैसी चुनौतियों ने इस काम को प्रभावित किया है। ऐसे में सम्मेलन में पारंपरिक हुनर को रोजगार से जोड़ने और बांस आधारित काम को नए अवसर देने पर भी बात हुई।
सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर
लखनऊ में आयोजित हुए इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी लोगों के स्मार्टफोन में आसानी से उपलब्ध है। ऐसे में लोगों को खुद भी योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल करनी चाहिए और जरूरतमंद लोगों तक भी इसकी जानकारी पहुंचानी चाहिए।
केशव मौर्य ने मुख्यमंत्री आवास योजना, शौचालय, मुफ्त गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत कार्ड, सौभाग्य योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आवास योजना के तहत घर बनाने के लिए 90 दिन की मजदूरी भी दी जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो व्यक्ति किसी सरकारी योजना के लिए पात्र है, उसे केवल जानकारी के अभाव में उसका लाभ नहीं छूटना चाहिए।
डिप्टी सीएम ने पढ़े-लिखे लोगों से भी अपील की। कि वे अपने आसपास के लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दें और पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने में मदद करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी ब्लॉक या तहसील में सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर गड़बड़ी या भ्रष्टाचार होता है तो इसकी शिकायत की जानी चाहिए। लोगों को ऐसी स्थिति में चुप रहने के बजाय संबंधित अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचानी चाहिए।

सपा पर डिप्टी सीएम ने साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के लोग चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन इस बार जनता सपा की साइकिल को ऐसा पंचर करेगी कि वह सीधे सैफई में नजर आएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूती देश के हर गरीब की मजबूती है। डिप्टी सीएम ने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ ही पात्र लोगों को इनकी जानकारी देने की अपील की।
ये भी पढ़ें:- ‘नशामुक्त पंजाब’ अभियान में ब्रजेश पाठक ने भरी हुंकार, बोले- युवाओं को सही दिशा देना जरूरी
स्वच्छता, शिक्षा और स्वरोजगार पर भी बात
केशव मौर्य ने प्रयागराज कुंभ का जिक्र करते हुए सफाई कर्मचारियों के सम्मान की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सफाई कर्मचारियों का सम्मान कर स्वच्छता कर्मियों के प्रति सम्मान का संदेश दिया था। उन्होंने लोगों से अपने आसपास सफाई रखने और देश को स्वच्छ बनाने में योगदान देने की अपील की। साथ ही उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर भी जोर दिया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक कई सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ लेने की अपील की। ताकि पारंपरिक काम करने वाले लोग अपने हुनर को कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ सकें। इससे उनके पारंपरिक काम को आगे बढ़ाने के साथ आय के नए रास्ते भी खुल सकते हैं। अपने संबोधन के अंत में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, तब तक देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
कुल मिलाकर उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने, उनका लाभ उठाने और पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की अपील की। वहीं, सम्मेलन में बांस के काम से जुड़े समाज की समस्याओं को सामने रखने के साथ उनके पारंपरिक रोजगार को मजबूत करने और आर्थिक स्थिति सुधारने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
ये भी पढ़ें:- हिंदी पखवाड़ा समापन पर ब्रजेश पाठक का संदेश, बोले- न्यायपालिका में बढ़े राजभाषा हिंदी का प्रयोग


