Sourav Ganguly Delhi Capitals head coach: आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम के कोचिंग सेटअप में बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर सौरव गांगुली को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। अब ‘दादा’ बतौर मुख्य कोच दिल्ली कैपिटल्स को अगले सीजन में मैदान पर उतारेंगे। गांगुली के अनुभव और टीम के साथ उनके पुराने जुड़ाव को देखते हुए इस फैसले को फ्रेंचाइजी के लिए अहम माना जा रहा है।

नई जिम्मेदारी को लेकर गांगुली ने क्या कहा
दिल्ली कैपिटल्स का हेड कोच बनाए जाने के बाद सौरव गांगुली ने अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने फ्रेंचाइजी के साथ अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली कैपिटल्स उनके दिल के बेहद करीब है। गांगुली के मुताबिक, वह टीम के मालिकों, मैनेजमेंट, सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ लंबे समय से जुड़े रहे हैं। गांगुली ने टीम में मौजूद युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स ने हाल के समय में अच्छा क्रिकेट खेला है और वह नए सीजन की शुरुआत को लेकर उत्साहित हैं। उनका फोकस एक मजबूत और निडर टीम तैयार करने पर रहेगा।
Dilli, it’s time for Dadagiri 🐅
Sourav Ganguly, Head Coach of the Tigers 🔥 https://t.co/EMTPQ9TB64
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) October 6, 2026
2019 से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं गांगुली
गौरतलब है कि पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ाव नया नहीं है। बल्कि वह 2019 में फ्रेंचाइजी के साथ बतौर सलाहकार जुड़े थे। इसके बाद उन्होंने टीम के क्रिकेट संचालन से जुड़ी अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। वह पुरुष और महिला दोनों टीमों के क्रिकेट डायरेक्टर के रूप में भी काम कर चुके हैं।
अब फ्रेंचाइजी ने उन्हें एक और बड़ी जिम्मेदारी देते हुए हेड कोच बनाया है। इसके अलावा गांगुली अब हेमांग बदानी की जगह मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे। बदानी ने आईपीएल 2025 और 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। दिल्ली कैपिटल्स के पिछले कोचिंग सेटअप में हेमांग बदानी हेड कोच, वेणुगोपाल राव क्रिकेट डायरेक्टर, मुनाफ पटेल गेंदबाजी कोच, इयान बेल सहायक कोच और जॉन मूनी फील्डिंग कोच की भूमिका में थे। लेकिन आईपीएल 2027 से पहले फ्रेंचाइजी ने इस सेटअप में बदलाव करने का फैसला किया है।


