Bollywood News :- बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान अपने दिवाली लुक की वजह से चर्चा में आ गई हैं। इस बार उनके कपड़ों या फैशन स्टाइल को लेकर नहीं, बल्कि उनके गले में पहने एक खास पेंडेंट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। करीना ने दिवाली के मौके पर भोपाल के शाही परिवार की विरासत से जुड़ा 30 कैरेट का पन्ने वाला पेंडेंट पहना था। इस पेंडेंट पर इस्लाम धर्म की पवित्र किताब कुरान की आयत ‘आयतुल कुर्सी’ उकेरी गई है। इसी बात पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता और राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक अब्बास हफीज ने आपत्ति जताई है। उन्होंने करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजकर सोशल मीडिया से तस्वीरें हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। हालांकि, इस पूरे मामले पर करीना की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
करीना के दिवाली लुक में ऐसा क्या था खास?
दरअसल, करीना कपूर ने दिवाली सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थीं। इन तस्वीरों में वह डिजाइनर पुनीत बलाना के डिजाइन किए हुए सिल्वर वर्क वाले बेज रंग के कफ्तान में नजर आईं। इसके साथ उन्होंने मैचिंग पगड़ी भी पहनी थी, जिस पर हीरे-जवाहरात से सजी एक खूबसूरत कलगी लगी हुई थी।

करीना के इस लुक की सबसे खास बात उनके आभूषण थे। उन्होंने भोपाल के शाही परिवार की विरासत से जुड़ी एक पुरानी कलगी और 30 कैरेट के पन्ने वाला पेंडेंट पहना था। यह कलगी वही बताई गई, जिसे अभिनेता सैफ अली खान ने करीना से शादी के दिन पहना था। करीना ने तस्वीरें साझा करते हुए कैप्शन में लिखा था, ‘दिवाली का मतलब है परंपराओं को सही तरीके से निभाना।’ इसके बाद उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने भी सोशल मीडिया पर उनके पूरे लुक और आभूषणों की जानकारी दी। इसी पोस्ट के सामने आने के बाद पेंडेंट पर लिखी कुरान की आयत को लेकर विवाद शुरू हो गया।
पेंडेंट पर लिखी है कुरान की आयत ‘आयतुल कुर्सी’
करीना के गले में दिखाई दे रहे पेंडेंट पर ‘आयतुल कुर्सी’ लिखी हुई है। इस आयत को इस्लाम धर्म में बेहद पवित्र और महत्वपूर्ण माना जाता है। करीना की स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया था कि अभिनेत्री ने भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना पहना है, जिस पर आयतुल कुर्सी उकेरी गई है। उन्होंने इन आभूषणों को भोपाल के शाही परिवार की विरासत बताया था। जानकारी के मुताबिक, ये गहने सैफ अली खान के परिवार के जरिए करीना तक पहुंचे हैं।
सैफ के परिवार से जुड़ा है पेंडेंट का इतिहास
इस पेंडेंट का इतिहास भोपाल के नवाबी परिवार से जुड़ा हुआ है। सैफ अली खान की दादी साजिदा सुल्तान भोपाल के आखिरी शासक नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी थीं। उनकी शादी पटौदी के नवाब इफ्तिखार अली खान से हुई थी। दोनों के बेटे मंसूर अली खान पटौदी थे, जिन्हें टाइगर पटौदी के नाम से भी जाना जाता है। मंसूर अली खान पटौदी अभिनेता सैफ अली खान के पिता थे। इस तरह साजिदा सुल्तान के जरिए भोपाल के शाही परिवार के कई ऐतिहासिक आभूषण पटौदी परिवार की विरासत बने। यही आभूषण पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ते हुए सैफ और फिर करीना तक पहुंचे। रिया कपूर ने भी अपनी पोस्ट में इस पारिवारिक संबंध का जिक्र किया था।


