https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को ED का समन, 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया, जानें क्या है पूरा मामला

राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को ED का समन, 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया, जानें क्या है पूरा मामला

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राज्यसभा के मनोनीत सांसद और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू को समन जारी किया है। एजेंसी ने उन्हें पंजाब की कंपनी व्यूनाउ (Vuenow) ग्रुप से जुड़े कथित वित्तीय घोटाले की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच एजेंसी यह पता लगाना चाहती है कि व्यूनाउ ग्रुप की कंपनियों से संधू से जुड़ी संस्थाओं को जो रकम मिली, उसका स्रोत क्या था और इन लेन-देन का उद्देश्य क्या था।

अधिकारियों के अनुसार संधू को पहले 12 नवंबर को पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन उनके पेश नहीं होने के बाद अब 25 नवंबर 2026 की तारीख दी गई है। ईडी का जालंधर जोनल कार्यालय इस मामले की जांच कर रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संधू को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में किसी प्रत्यक्ष भूमिका के आरोप में नहीं बुलाया गया है। उनसे केवल कुछ वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी और दस्तावेजों की पुष्टि की जानी है।

यह पूरा मामला व्यूनाउ ग्रुप की कंपनियों पर लगे हजारों करोड़ रुपये के कथित क्लाउड पार्टिकल घोटाले से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने आम लोगों को निवेश के बदले आकर्षक रिटर्न का भरोसा देकर बड़ी रकम जुटाई और बाद में उस पैसे का इस्तेमाल कारोबारी गतिविधियों के बजाय दूसरे कामों में किया। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला और कैसे सामने आया कथित क्लाउड पार्टिकल स्कैम।

कौन हैं सतनाम सिंह संधू, जिन्हें ED ने भेजा समन?

सतनाम सिंह संधू राज्यसभा के मनोनीत सांसद हैं। वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर भी हैं और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी पहचान एक उद्यमी के रूप में रही है। वह पंजाब के रहने वाले हैं और उन्होंने साल 2001 में चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की शुरुआत की थी। इसके बाद 2012 में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की स्थापना की।

अब ईडी ने उन्हें व्यूनाउ ग्रुप से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में तलब किया है। एजेंसी के अधिकारियों के मुताबिक, जांच में कुछ ऐसी संस्थाओं के बैंकिंग लेन-देन सामने आए हैं, जिन्हें व्यूनाउ ग्रुप की कंपनियों से धनराशि मिली थी। इन संस्थाओं का संबंध सतनाम सिंह संधू से बताया गया है। ईडी अब यह समझना चाहती है कि इन कंपनियों से पैसा किस काम के लिए प्राप्त हुआ, इसके पीछे कारोबारी समझौता क्या था और रकम का आगे किस तरह इस्तेमाल किया गया। फिलहाल एजेंसी ने संधू को इस कथित घोटाले में प्रत्यक्ष आरोपी नहीं बताया है और न ही उनकी ओर से भी इस मामले में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

क्या है 3700 करोड़ रुपये का क्लाउड पार्टिकल घोटाला?

यह मामला व्यूनाउ ग्रुप की कंपनियों द्वारा कथित तौर पर चलाई गई निवेश योजना से जुड़ा है। ईडी के मुताबिक, कंपनी ने निवेशकों को क्लाउड पार्टिकल खरीदने के लिए प्रेरित किया था। इसके लिए सेल एंड लीज बैक (Sale and Lease Back) मॉडल का इस्तेमाल किया गया। इस मॉडल के तहत निवेशकों को बताया गया कि वे कंपनी के डेटा सेंटर से जुड़े क्लाउड पार्टिकल खरीदेंगे और कंपनी उन्हीं संसाधनों को वापस लीज पर लेकर इस्तेमाल करेगी। इसके बदले निवेशकों को नियमित किराया और कमाई का भरोसा दिया गया था।

हालांकि, ईडी की जांच में इस कारोबारी मॉडल पर गंभीर सवाल उठे। फरवरी 2025 में जारी अपने बयान में एजेंसी ने कहा था कि क्लाउड पार्टिकल का मूल कारोबार वास्तविक रूप से मौजूद नहीं था और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, डेटा सेंटर के ग्राहकों से या तो कोई किराया नहीं मिला या फिर बेहद मामूली रकम प्राप्त हुई। ऐसे में कंपनी का कथित कारोबार वास्तविक व्यावसायिक गतिविधियों के बजाय पैसा एक जगह से दूसरी जगह भेजने और पुराने निवेशकों को भुगतान करने की व्यवस्था बनकर रह गया था।

निवेशकों से जुटाए गए 3700 करोड़ रुपये, 1800 करोड़ लौटाए

ईडी की जांच में इस मामले के वित्तीय लेन-देन को लेकर कई बड़े खुलासे हुए हैं। एजेंसी के मुताबिक, क्लाउड पार्टिकल बेचने के नाम पर निवेशकों से करीब 3,700 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। इसमें से लगभग 1,800 करोड़ रुपये निवेशकों को किराये के भुगतान के रूप में वापस किए गए। ईडी का आरोप है कि बाकी रकम का इस्तेमाल कारोबारी गतिविधियों के बजाय अन्य उद्देश्यों के लिए किया गया। एजेंसी ने अपनी जांच में करीब 3,558 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति (Proceeds of Crime) का पता लगाने की जानकारी भी दी थी। जांच में कथित तौर पर इस रकम को कमीशन, लग्जरी गाड़ियों की खरीद, सोना-हीरे और संपत्तियों में निवेश करने के साथ-साथ विभिन्न कंपनियों के माध्यम से इधर-उधर भेजने की बात सामने आई थी।

कंपनी के CEO और पत्नी समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी

व्यूनाउ ग्रुप से जुड़े इस मामले में ईडी अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें कंपनी के संस्थापक और सीईओ सुखविंदर सिंह खारौर, उनकी पत्नी डिंपल खारौर और अरिफ निसार शामिल हैं। ईडी के मुताबिक, सुखविंदर सिंह खारौर को इस कथित घोटाले का मुख्य आरोपी बताया गया है। एजेंसी ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निवेशकों से रकम जुटाने और उसे दूसरे उद्देश्यों में इस्तेमाल करने की योजना तैयार की थी।

फरवरी 2025 में ईडी ने सुखविंदर और डिंपल खारौर को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हिरासत में लिया था। एजेंसी को इनपुट मिला था कि दोनों जांच से बचने के लिए देश छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी था। इसके बाद दोनों को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले अरिफ निसार को भी गिरफ्तार किया गया था।

270 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अटैच

इस मामले में ईडी ने केवल गिरफ्तारियों तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि कथित अपराध से अर्जित संपत्तियों पर भी शिकंजा कसा है। फरवरी 2025 में एजेंसी ने बैंक खातों, लग्जरी गाड़ियों और अचल संपत्तियों समेत करीब 178.12 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की थीं। इसके बाद अगस्त 2025 में भी तलाशी अभियान के दौरान करीब 73.72 करोड़ रुपये की संपत्तियां और रकम फ्रीज की गई। फरवरी 2026 में ईडी ने 19.10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्तियां अटैच करने की जानकारी दी। इसके बाद इस मामले में अटैच या फ्रीज की गई कुल संपत्तियों का मूल्य करीब 270.94 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था।

2024 से चल रही है जांच, PMLA और FEMA के तहत कार्रवाई

व्यूनाउ ग्रुप के खिलाफ ईडी की जांच साल 2024 में शुरू हुई थी। एजेंसी ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। इसके बाद कंपनी और उससे जुड़ी अन्य संस्थाओं के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के साथ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत भी जांच की जा रही है।

अब राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को भेजे गए समन के बाद जांच का दायरा कुछ अन्य वित्तीय लेन-देन तक पहुंच गया है। 25 नवंबर को होने वाली पूछताछ में ईडी उनसे व्यूनाउ ग्रुप की कंपनियों से प्राप्त धनराशि, उसके उद्देश्य और संबंधित दस्तावेजों के बारे में सवाल कर सकती है। फिलहाल इस मामले में एजेंसी की जांच जारी है। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित वित्तीय लेन-देन के पीछे वास्तविक कारोबारी कारण क्या थे।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *