उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को दिल्ली पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी मारा गया। नसीम दिल्ली के चर्चित समीर हत्याकांड में वांछित था। पुलिस को उसकी तलाश काफी समय से थी। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। इतना ही नहीं, उसका नाम अंडरवर्ल्ड के कुख्यात गैंगस्टर छोटा शकील से जुड़ने और तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की साजिश में भी सामने आ चुका था। नसीम पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
दिल्ली में समीर की हत्या के बाद पुलिस लगातार नसीम की तलाश कर रही थी। आखिरकार उसकी लोकेशन बुलंदशहर में मिली और उसे पकड़ने के लिए संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस और नसीम के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आइए जानते हैं कौन था नसीम दुर्रानी और कैसे उसका नाम दिल्ली के समीर हत्याकांड से लेकर अंडरवर्ल्ड की बड़ी साजिशों तक पहुंचा।

बुलंदशहर में कैसे हुआ नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली के समीर हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद से ही पुलिस नसीम दुर्रानी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके बुलंदशहर में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से सिकंदराबाद क्षेत्र में उसे पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि पुलिस को मुखबिर से मिली जानकारी के साथ सीसीटीवी फुटेज के जरिए भी उसकी गतिविधियों का पता चला था। फुटेज में वह स्कूटी से इलाके में घूमता दिखाई दिया था। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर नसीम ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें नसीम को कई गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसके पास से एक ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है।
समीर हत्याकांड से कैसे जुड़ा नसीम का नाम?
नसीम दुर्रानी का नाम 16 नवंबर 2026 को दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में हुए समीर हत्याकांड की जांच के दौरान सामने आया था। समीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह वारदात दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के पास खजूरी खास क्षेत्र में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, समीर अपने परिचित रिजवान के साथ स्कूटी पर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो हमलावर पीछे से पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने करीब 16 से 20 राउंड फायरिंग की थी। गोली लगने से समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और सबूत जुटाए। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान हमलावरों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की गई। इसी कड़ी में नसीम दुर्रानी का नाम सामने आया और पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस ने व्यक्तिगत रंजिश के एंगल को भी खंगाला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, समीर और आरोपियों के बीच पहले से जान-पहचान और पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने वारदात के पीछे राजनीतिक कारण होने की बात से भी इनकार किया था।


