https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

दिल्ली में कल सियासी टकराव! कांग्रेस की रैली के जवाब में BJP निकालेगी मार्च, 1984 दंगों का मुद्दा बनेगा केंद्र

दिल्ली में कल सियासी टकराव! कांग्रेस की रैली के जवाब में BJP निकालेगी मार्च, 1984 दंगों का मुद्दा बनेगा केंद्र

देश की राजधानी दिल्ली में कल (1 नवंबर) सियासी माहौल काफी गर्म रहने वाला है क्योंकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला INDIA गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी के तमाम अधिकारी, नेता रैली के माध्यम से आमने-सामने आने वाले है इसमें एक ओर एनडीए गठबंधन चुनाव प्रकिया में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर रामलीला मैदान में बड़ी रैली करेगा, तो वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (BJP) इसी दिन 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर जवाबी मार्च निकालने की तैयारी में है। इन दोनों आयोजनों के एक ही दिन होने से दिल्ली की राजनीति में टकराव और आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के आसार हैं।

बीजेपी का यह मार्च पश्चिमी दिल्ली के सिख बहुल इलाके हरि नगर में आयोजित किया जाएगा। पार्टी के मुताबिक, इसमें सिख समुदाय के लोगों, 1984 दंगों से प्रभावित परिवारों और बीजेपी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इस मार्च में करीब 5,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। और इसका आयोजन सुबह 11 बजे किया जाना है।

1984 के दंगों की बरसी पर BJP का विरोध प्रदर्शन

बीजेपी ने कांग्रेस की रैली की तारीख पर सवाल उठाए हैं। 1 नवंबर 1984 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में सिख विरोधी हिंसा भड़की थी। इस हिंसा में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। इसी वजह से 1 नवंबर का दिन सिख समुदाय के लिए गहरे दुख और पीड़ा से जुड़ा हुआ है।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा का कहना है कि पार्टी यह मार्च सिख परिवारों, समुदाय के लोगों और 1984 की हिंसा से प्रभावित संस्थाओं के आग्रह पर निकाल रही है। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस ने इस तारीख पर रैली आयोजित कर सिख समुदाय की भावनाओं का ध्यान नहीं रखा। पार्टी चाहती है कि कांग्रेस 1984 की हिंसा के लिए सिख समुदाय से माफी मांगे।

इस मार्च में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के शामिल होने की बात कही गई है। इसके अलावा दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता, सिख समुदाय से जुड़े पार्टी पदाधिकारी और अन्य नेता भी इसमें हिस्सा ले सकते हैं। द ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मार्च का नेतृत्व करेंगे।

रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली

दूसरी ओर, कांग्रेस के नेतृत्व में INDIA गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं और मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हुए हैं। विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी सवाल उठा रहे हैं और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस रैली को लेकर लगातार विपक्षी दलों और आम लोगों से समर्थन की अपील कर रहे हैं। पार्टी का दावा है कि INDIA गठबंधन के कई सहयोगी दलों के नेता इसमें शामिल होंगे। विपक्ष इस आयोजन के जरिए चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी एकजुटता दिखाना चाहता है। रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी रामलीला मैदान पहुंच चुकी हैं। वहीं, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की है।

दिल्ली पुलिस ने रैली को दी अनुमति, लेकिन मार्च को लेकर स्थिति अलग

1 नवंबर के आयोजनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां की हैं। पुलिस ने रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली के लिए अनुमति दी है। यह आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। अनुमति के साथ भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोगों को व्यवस्थित तरीके से वापस भेजने जैसी शर्तें भी रखी गई हैं।

एक ही दिन दो आयोजन, दिल्ली की राजनीति पर रहेगी नजर

कल होने वाले यह दोनों आयोजन अलग-अलग मुद्दों पर केंद्रित हैं, लेकिन इनके समय और राजनीतिक संदर्भ ने इन्हें आमने-सामने ला दिया है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जहां SIR और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर सरकार को घेरना चाहते हैं, वहीं बीजेपी 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलने की तैयारी में है। ऐसे में रविवार को दिल्ली में सिर्फ दो राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होंगे, बल्कि चुनावी प्रक्रिया, सिख विरोधी हिंसा और कांग्रेस-बीजेपी के बीच पुराने राजनीतिक विवाद भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे। अब यह देखना अहम होगा कि दोनों आयोजनों में कितनी भीड़ जुटती है और इनका राजनीतिक संदेश कितना प्रभावी रहता है।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *