iPhone की जिद ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, पहाड़ से गिरने से माता-पिता समेत 3 की गई जान

iPhone की जिद ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, पहाड़ से गिरने से माता-पिता समेत 3 की गई जान

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जिसने परिवार के साथ-साथ पूरे समाज को हिलाकर रख दिया है महंगे iPhone की मांग को लेकर शुरू हुआ 19 वर्षीय कुणाल और उसके पिता के बीच विवाद देखते ही देखते ऐसी त्रासदी में बदल गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। खड्यवा पहाड़ पर हुए इस हादसे में कुणाल, उसके पिता मुरलीधर चांदगुड़े और मां संगीता की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार 21 अगस्त (शुक्रवार) को कुणाल अपने पिता से iPhone दिलाने की मांग कर रहा था। पिता ने महंगा फोन खरीदने में असमर्थता जताते हुए उसकी मांग पूरी करने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद नाराज कुणाल सुबह करीब 10 बजे घर से निकलकर खड्यवा पहाड़ की ओर चला गया।

कुणाल के पहाड़ पर जाने की जानकारी मिलने के बाद उसके माता-पिता भी वहां पहुंच गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि करीब तीन घंटे तक उसे समझाने की पूरी कोशिश की गई, और सुरक्षा के मद्देनजर नीचे जाली भी लगाई गई थी, लेकिन युवक लगातार अपनी जगह बदल रहा था।

इसी बीच पिता मुरलीधर बेटे को मनाने के लिए उसके करीब पहुंचे, लेकिन जब बातों से बात नहीं बनी तो पिता अचानक कुणाल को पकड़कर खींचने का प्रयास किया, और इसी बीच कुणाल का संतुलन बिगड़ा और पिता-पुत्र सैकड़ों फीट की गहरी खाई में जा गिरे। अपने पति और जवान बेटे को गिरते देखकर मां संगीता गहरे सदमे में आ गई और वह भी पहाड़ से नीचे कूद गई। इस हादसे में तीनों की जान चली गई।

इस घटना से जुड़ी एक भावुक करने वाली बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि संगीता लगातार अपने बेटे को समझाने का प्रयास कर रही थीं। उन्होंने कुणाल को समझाने के लिए अपना मंगलसूत्र तक उतारकर उसके सामने रख दिया और उससे कहा कि अगर उसका विवाद पिता से है तो वे दोनों अलग रह लेंगे, लेकिन वह ऐसा कदम न उठाए।

मां की इस भावुक अपील के बावजूद हालात नहीं संभल सके। कुछ ही देर में परिवार पर ऐसा संकट टूट पड़ा, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। एक iphone की जिद से शुरू हुआ यह पारिवारिक विवाद इस पूरे घटनाक्रम में तीन जिंदगियों के अंत और पूरे परिवार के बिखरने की वजह बन गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े घटनाक्रम को लेकर अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

 

 

 

 

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *