साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है। करीब चार साल बाद यश बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं, ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों के साथ-साथ ट्रेड की नजरें भी इसकी ओपनिंग पर टिकी हैं। बड़े ग्लोबल रिलीज प्लान, मल्टीलैंग्वेज वर्जन और यश के डार्क अवतार ने फिल्म को रिलीज से पहले ही चर्चा में ला दिया है।
फिल्म Toxic करीब 12 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज हो सकती है। अगर यह स्क्रीन काउंट बरकरार रहता है, तो यह यश के करियर की सबसे बड़ी रिलीज में से एक होगी। इसके अलावा इस फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा इसके A सर्टिफिकेट को लेकर हो रही है। क्योंकि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया है, जिसके चलते इसे केवल 18 साल या उससे अधिक उम्र के दर्शक ही सिनेमाघरों में देख सकेंगे। साथ ही फिल्म की टैगलाइन ‘A Fairy Tale for Grown-Ups’ भी कहानी के वयस्क दर्शकों को ध्यान में रखे जाने की ओर इशारा करती है।
वहीं, मीडिया रिपोर्टस के अनुसार फिल्म का रनटाइम करीब 3 घंटे 14 मिनट बताया जा रहा है। फिल्म को कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है। इसके अलावा हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम में डब वर्जन भी रिलीज किया जाएगा। इस मल्टीलैंग्वेज रिलीज का मकसद फिल्म को सिर्फ कन्नड़ दर्शकों तक सीमित रखने के बजाय देशभर में बड़े स्तर पर पहुंचाना है। अगर बात फिल्म में शामिल एक्टर्स की करें तो गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
गौरतलब है कि फिल्म Toxic की रिलीज डेट में भी कई बार बदलाव हुए हैं क्योंकि फिल्म को पहले 19 मार्च 2026 को रिलीज किया जाना था। इसके बाद रिलीज डेट को बढ़ाकर 4 जून किया गया। अंतरराष्ट्रीय रिलीज और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी परिस्थितियों के चलते तारीख में दोबारा बदलाव हुआ और अब आखिरकार यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इसके साथ ही रिलीज से पहले फिल्म की एडवांस बुकिंग को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है। जानकारी के मुताबिक 21 अगस्त से एडवांस बुकिंग शुरू होगी। इसके बाद शुरुआती डिमांड और फिल्म की ओपनिंग को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ होने लगेगी।