Pakistan High Commission News: भारत और पाकिस्तान के राजनयिक तनाव के बीच दिल्ली से एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया हैं। गुरुवार 20 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के लगे ढांचे और बैरिकेडस को दिल्ली पुलिस ने हटा दिया है।
पाकिस्तान हाई कमीशन का कार्यालय दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित शांतिपथ पर है। यहां पुलिस ने पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर सड़क की ओर लगाए गए ट्रैफिक बोलार्ड, बैरिकेड्स और वीजा सेक्शन के पास कतार प्रबंधन के लिए बनाए गए अस्थायी ढांचों को JCB की मदद से हटाया। अधिकारियों के मुताबिक, ये संरचनाएं निर्धारित सीमा से बाहर थीं, और सड़क क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति पैदा कर रही थीं। हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि कार्रवाई पाकिस्तान हाई कमीशन की मुख्य इमारत के खिलाफ नहीं थी। पुलिस ने केवल सड़क की ओर मौजूद उन बैरिकेड्स और ढांचों को हटाया, जिन्हें निर्धारित सीमा से बाहर या अनधिकृत माना गया था। हाई कमीशन की मुख्य इमारत और उसका मुख्य प्रवेश द्वार इस कार्रवाई से प्रभावित नहीं हुआ।
इसके अलावा यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है। जब दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव बना हुआ है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक करीब तीन दिन पहले पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के बाहर लगे कुछ सुरक्षा बैरिकेड्स और पार्किंग पोल्स को हटा दिया था। इसके बाद दिल्ली में आज पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर भी इसी तरह की कार्रवाई सामने आई। यही वजह है कि दिल्ली की इस कार्रवाई को दोनों देशों के बीच जैसे को तैसा (tit-for-tat) की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
भारत-पाक संबंधो में पहले से तनाव
बता दें कि इस पूरे घटनाक्रम को भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से चले आ रहे राजनयिक तनाव की पृष्ठभूमि में भी देखा जा रहा है। पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी बढ़ी थी। इसके बाद राजनयिक और सुरक्षा स्तर पर दोनों पक्षों की ओर से कई अहम कदम उठाए गए, जिसका असर द्विपक्षीय संबंधों पर लगातार देखने को मिला।
इसी बीच हाल के दिनों में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के जम्मू-कश्मीर दौरे ने भी पाकिस्तान की नाराजगी बढ़ा दी। अपने दौरे के दौरान गोर ने जम्मू-कश्मीर की प्राकृतिक खूबसूरती का उल्लेख करते हुए इसे भारत का अहम हिस्सा बताया था। उनके इस बयान पर पाकिस्तान ने कड़ी आपत्ति जताई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने इस मामले को लेकर इस्लामाबाद में अमेरिकी राजनयिक को तलब कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। ऐसे में भारत-पाकिस्तान के बीच पहले से मौजूद तनाव के बीच दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर हुई कार्रवाई को लेकर भी कूटनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर हुई कार्रवाई को दोनों देशों के बीच जारी राजनयिक खींचतान के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। खासतौर पर इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के बाहर सुरक्षा से जुड़े कुछ इंतजाम हटाए जाने के बाद नई दिल्ली में हुई कार्रवाई ने घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया है। फिलहाल देखना यह होगा कि पाकिस्तान की ओर से दिल्ली में हुई कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं।