प्रयागराज में बड़ा हादसा, भरभराकर गिरा स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा

प्रयागराज में बड़ा हादसा, भरभराकर गिरा स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा

Prayagraj Temple Collapse: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार देर रात बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र में स्थित स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। मंदिर का यह हिस्सा पीछे चल रहे निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में जा समाया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त मंदिर के इस हिस्से में कोई मौजूद नहीं था।

तेज आवाज से मची अफरा-तफरी

शुक्रवार देर रात संगम नगरी प्रयागराज जब में तेज़ बारिश हो रही थी, उसी दौरान मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक ढह गया। हिस्सा गिरने की तेज आवाज़ सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर भीड़ जुट गई। वहीं जानकारी मिलते ही जॉर्ज टाउन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय मंदिर के इस हिस्से में कोई मौजूद नहीं था। ऐसे मे फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं हैं।

मंदिर के पीछे चल रहा था निर्माण कार्य

शुरूआती जानकारी के मुताबिक, मंदिर के पीछे पिछले तीन से चार महीनों से निर्माण कार्य चल रहा था। नई इमारत के निर्माण के लिए यहां काफी गहरी खुदाई की गई थी और लगातार बारिश के कारण फिलहाल निर्माण कार्य बंद था। जिसके बाद बारिश का पानी लगातार खुदाई वाले गड्ढे में जमा हो रहा था। आशंका है कि पानी जमा होने के कारण आसपास की मिट्टी कमजोर हो गई और इसका असर मंदिर के पीछे बने हिस्से की नींव पर पड़ा। इसी वजह से मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा गड्ढे में गिर गया। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

धर्मशाला के तौर पर होता था इस्तेमाल

मंदिर का जो हिस्सा ढहा है, उसका इस्तेमाल धर्मशाला के रूप में किया जाता था। यहां बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था थी। लेकिन लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण इन दिनों श्रद्धालुओं की संख्या कम बताई जा रही है और हादसे के समय भी इस हिस्से में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

वहीं घटना की सूचना मिलते ही जॉर्ज टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटनास्थल का जायजा लिया जा रहा है। फिलहाल निर्माण के लिए की गई गहरी खुदाई, गड्ढे में जमा पानी और मिट्टी के कमजोर होने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। मंदिर का हिस्सा आखिर किस वजह से गिरा, इसकी सटीक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

प्रयागराज में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में गहरी खुदाई वाले निर्माण स्थलों पर पानी की निकासी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *