CNG Price Hike: दिल्ली-एनसीआर में CNG से वाहन चलाने वालों की जेब पर एक बार फिर असर पड़ने वाला है क्योंकि इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। जिसकी नई दरें 29 अगस्त 2026 (शानिवार) की सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं। कंपनी ने सीएनजी के दाम में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा किया है। कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में CNG अब 86.98 रुपये प्रति किलो मिलेगी, जबकि पहले इसकी कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो थी।
इन नई कीमतों का असर दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के सीएनजी ग्राहकों पर भी पड़ेगा। साथ ही कीमत बढ़ने से ऑटो, टैक्सी, कैब और कार चलाने वाले लोगों का मासिक परिवहन खर्च भी बढ़ जाएगा।
क्यों बढ़ाए गए CNG के दाम?
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के मुताबिक, जुलाई 2026 से वेस्ट एशिया के देशों में दोबारा पैदा हुए तनाव का सीधा असर लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की सप्लाई पर पड़ा है। खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य से LNG कार्गो की आवाजाही प्रभावित होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमतों में तेज उछाल आया है।
कंपनी का यह भी कहना है कि वैश्विक LNG कीमतें वैश्विक संकट शुरू होने से पहले के मुकाबले करीब दोगुनी हो गई हैं। इससे इनपुट गैस की लागत में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। इसी बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई है।
IGL ने कीमत बढ़ाने पर क्या कहा?
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने अपने बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर LNG की कीमतें काफी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं और इसका सीधा असर गैस की लागत पर पड़ रहा है। CNG की सप्लाई को लगातार और भरोसेमंद बनाए रखने के साथ बढ़ी हुई इनपुट गैस लागत की आंशिक भरपाई के लिए यह मूल्य में बदलाव करना जरूरी था। कंपनी ने यह भी कहा कि कीमत बढ़ने के बावजूद दिल्ली में CNG ग्राहकों के लिए अभी भी किफायती ईंधन विकल्पों में शामिल है। CNG उपभोक्ताओं को आयातित स्पॉट LNG की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव से काफी हद तक सुरक्षा मिलती है।
मई में भी बढ़ चुके हैं CNG के दाम
दिल्ली-NCR में इस साल CNG की कीमतों में यह पहली बढ़ोतरी नहीं है बल्कि इससे पहले मई में महज 11 दिनों के भीतर CNG के दाम दो बार बढ़ाए गए थे, जिससे कुल कीमत में 6 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ था। वहीं 26 मई को इसकी कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद दिल्ली में CNG का दाम 81.09 रुपये से बढ़कर 83.09 रुपये प्रति किलो हो गया था। वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में CNG की कीमत बढ़कर 88.70 रुपये प्रति किलो पहुंच गई थी।
अब अगस्त में हुई ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में CNG की कीमत 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है। ऐसे में CNG से सफर करने वाले लोगों के लिए आने वाले दिनों में यात्रा का खर्च और बढ़ सकता है।