MP में जहरीली शराब से हड़कंप! 11 लोगों की संदिग्ध मौ*त, 25 से ज्यादा भर्ती, CM मोहन यादव ने दिए जांच के निर्देश

MP में जहरीली शराब से हड़कंप! 11 लोगों की संदिग्ध मौ*त, 25 से ज्यादा भर्ती, CM मोहन यादव ने दिए जांच के निर्देश

Sagar Liquor Tragedy: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां कथित तौर पर संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। ताजा जानकारी के मुताबिक, चार गांवों में अब तक 11 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है, जबकि 25 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, मौतों की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात शराब पीने के बाद कई ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं।

चार गांवों में फैला मामला

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह मामला बंडा विकासखंड के घूघर, नौराज, बराज और आसपास के गांवों से जुड़ा है। शराब पीने के बाद ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर मरीजों को पहले बंडा सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर कई मरीजों को सागर जिला अस्पताल और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर किया गया।

CM मोहन यादव ने लिया संज्ञान

घटना को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संज्ञान लिया है। उन्होंने मामले को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर पहुंचे कलेक्टर और एसपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज की स्थिति की भी जानकारी ली गई है। गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

6 शराब दुकानें सील, सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे

घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन कार्रवाई शुरू कर दी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील किया गया है और इन दुकानों से शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं इन दुकानों से बेची गई शराब का संबंध बीमार पड़ने और मौतों से तो नहीं है। इसके साथ ही पुलिस शराब की सप्लाई चेन और कथित अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।

बाम्बे व्हिस्की’ की शिकायत ने बढ़ाए सवाल

इस घटना के बीच कथित नकली शराब को लेकर पहले की गई शिकायतों ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, एक शराब ठेकेदार ने आबकारी विभाग के सामने ‘बाम्बे व्हिस्की’ नाम से कथित नकली शराब की बिक्री की शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा करीब चार दिन पहले आबकारी विभाग की बैठक में लाइसेंसी शराब ठेकेदारों ने भी जिले में कथित नकली और अवैध शराब की बिक्री का मुद्दा उठाया था। अब सागर में सामने आई इस घटना के बाद आबकारी विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन ने जहरीली शराब को मौतों की अंतिम वजह घोषित नहीं किया है। शुरुआती तौर पर संदिग्ध शराब के सेवन को लेकर आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, शराब के सैंपल और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतें जहरीली या मिलावटी शराब की वजह से हुईं या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी।

ये भी पढ़े:-अमरावती के NICU में भीषण हादसा, 3 नवजातों की गई जान, वेंटिलेटर ब्लास्ट के बाद भड़की आग

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *