Amravati Hospital Fire: महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा केंद्र (NICU) में सोमवार तड़के आग लगने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग वेंटिलेटर में हुए धमाके के बाद लगी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने NICU में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अचानक एक वेंटिलेटर में धमाका हुआ। इसके बाद वार्ड में आग फैल गई और देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं से भर गया। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। वार्ड में मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य मेडिकल स्टाफ ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कर्मचारियों ने NICU में भर्ती बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।
हादसे के वक्त NICU में करीब 39 नवजात मौजूद थे। आग और घने धुएं के बीच अस्पताल कर्मचारियों ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं गंभीर रूप से प्रभावित छह नवजातों को बेहतर इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। हालांकि, तीन बच्चों को बचाया नहीं जा सका। शुरुआती जानकारी में आग और धुएं के प्रभाव को बच्चों की मौत की वजह माना जा रहा है। मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि आधिकारिक जांच के बाद ही सामने आएगी।
वहीं घटना को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाईलेवल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा- कि यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के सचिव को अमरावती पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा राज्य सरकार ने मृत नवजातों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
NICU अस्पताल का वह संवेदनशील हिस्सा होता है, जहां गंभीर स्थिति में भर्ती नवजातों को लगातार निगरानी और विशेष चिकित्सा सहायता की जरूरत होती है। ऐसे में अमरावती की घटना ने अस्पतालों में मेडिकल उपकरणों की नियमित जांच और फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आग तकनीकी खराबी के कारण लगी, उपकरण में किसी तरह की गड़बड़ी थी या फिर इसमें किसी स्तर पर लापरवाही की भूमिका रही।
बता दें कि इससे पहले ऐसी ही घटना मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से सामने आई थी जहां शनिवार देर रात जिला अस्पताल के NICU में रखी वॉर्मर मशीन में चिंगारी उठने के बाद आग लग गई थी और इस हादसे में तीन नवजात झुलस गए थे,जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।