आमेर में टूरिस्ट गाइड की ह*त्या के बाद बवाल, बाजार बंद, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

आमेर में टूरिस्ट गाइड की ह*त्या के बाद बवाल, बाजार बंद, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

Amer News : राजस्थान की राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक आमेर क्षेत्र में टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की चाकू मारकर हत्या के बाद तनाव का माहौल बन गया है। इलाज के दौरान मनीष की मौत की खबर सामने आते ही स्थानीय लोगों, व्यापारियों और गाइड समुदाय में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में आमेर के बाजार बंद रहे। वहीं, बड़ी संख्या में लोग आमेर थाने के बाहर जुटे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की हैं।

क्या है पूरा मामला?

सोमवार (7 सितंबर) सुबह करीब 10 बजे आमेर महल के पास मावठा क्षेत्र में गाड़ियों की आवाजाही को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी आमेर किले की तरफ जाने वाली गाड़ियों को रोक रहा था। इसी दौरान जीप चालक आजम से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद आजम और उसके साथी नाजिश ने मनीष पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू पेट में लगने से मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद गंभीर हालत में उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, पेट में गंभीर चोट और अधिक खून बहने के चलते आज मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में

आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा के मुताबिक, पुलिस ने घटना के बाद कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जीप चालक आजम और उसके साथी नाजिश को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल चाकू को भी बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आजम के खिलाफ आमेर थाने में पहले से ही दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वहीं मनीष की मौत की खबर आमेर पहुंचते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद स्थानीय निवासी, व्यापारी और टूरिस्ट गाइड बड़ी संख्या में थाने के बाहर पहुंच गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। मनीष की मौत के विरोध में आमेर के बाजार बंद रहे। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने आमेर महल की ओर जाने वाले रास्ते पर यातायात डायवर्ट कर दिया है। पुलिस-प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। हालांकि, घटना के बाद आमेर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने रखीं 6 मांगें

मनीष की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग प्रमुख है। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के घर पर तत्काल बुलडोजर कार्रवाई, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और आमेर महल व आसपास के क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध-अनधिकृत जीप संचालन पर रोक लगाने की भी मांग की है।

इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पूर्व में शिकायतें दिए जाने के बावजूद मामले में कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर उन्होंने आमेर थाना प्रभारी (SHO) और जांच अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, आमेर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *