Bigg Boss 20: सलमान खान के बहुचर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ ने दस्तक देते ही अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। घर में कंटेस्टेंट्स की एंट्री के साथ जहां नए रिश्तों और दोस्ती की शुरुआत होने की उम्मीद थी, वहीं पहले ही दिन तकरार ने माहौल गरमा दिया। खास तौर पर 23 साल की एक्ट्रेस और सोशल मीडिया स्टार अरिश्फा खान अपने बेबाक अंदाज को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं।
बिग बॉस के घर में आमतौर पर शुरुआत के कुछ दिन कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे को समझने और समीकरण बनाने में लगाते हैं, लेकिन इस बार कहानी कुछ अलग नजर आ रही है क्योंकि Bigg Boss 20 के घर में पहले ही दिन बहस, तकरार और तीखे तेवर एक साथ देखने को मिल गए हैं। घर में बातचीत के दौरान अरिश्फा को ‘बच्चा’ कहे जाने पर उन्होंने आपत्ति जताई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि उनकी भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे के साथ तीखी बहस शुरू हो गई। इस दौरान अरिश्फा का गुस्सा और आत्मविश्वास दोनों साफ नजर आए।
‘सबको खा जाऊंगी’… अरिश्फा के तेवर ने खींचा ध्यान
बिग बॉस के घर में अरिश्फा खान की एंट्री के साथ ही उनका कॉन्फिडेंट अंदाज चर्चा में है। बहस के दौरान उन्होंने साफ संकेत दिया कि कम उम्र होने का मतलब यह नहीं कि वह किसी के सामने दब जाएंगी। इसी दौरान उनका ‘सबको खा जाऊंगी’ वाला अंदाज भी देखने को मिला। अरिश्फा के इस तेवर ने घर के माहौल को और गर्म कर दिया और अब सोशल मीडिया पर भी उनकी चर्चा तेज हो गई है।
आम्रपाली दुबे से बढ़ी बात, माही विज भी बहस में कूदी
मामला सिर्फ अरिश्फा और आम्रपाली दुबे के बीच तक सीमित नहीं रहा। टीवी एक्ट्रेस माही विज भी इस बहस का हिस्सा बन गईं। तीनों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बहस के दौरान ‘हिप्पोक्रेट’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल हुआ और बात एक-दूसरे के व्यवहार और संस्कारों पर सवाल उठाने तक पहुंच गई। अरिश्फा ने घर के कुछ सदस्यों पर गाली देने और बदतमीजी करने के आरोप भी लगाए। यानी बिग बॉस के घर में पहला दिन खत्म होते-होते रिश्तों की नींव पड़ने से पहले ही दरारों के संकेत दिखाई देने लगे।
उम्र में छोटी, लेकिन तेवर में भारी अरिश्फा
अरिश्फा खान भले ही घर के कई कंटेस्टेंट्स के मुकाबले उम्र में छोटी हों, लेकिन उनका आत्मविश्वास किसी से कम नजर नहीं आ रहा। सोशल मीडिया पर उनकी मजबूत मौजूदगी और फैन फॉलोइंग पहले से ही है। अब बिग बॉस के मंच पर उनका बेबाक अंदाज दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। पहले ही दिन आम्रपाली दुबे और माही विज के साथ हुई बहस ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि क्या आने वाले दिनों में अरिश्फा घर में एक मजबूत खिलाड़ी बनकर उभरेंगी?
अब दिलचस्प यह होगा कि अरिश्फा खान का यह बेबाक अंदाज आगे उनके गेम को मजबूत करता है या फिर घर के बाकी कंटेस्टेंट्स उन्हें अपना निशाना बना लेते हैं। फिलहाल इतना तय है कि बिग बॉस 20 की शुरुआत में ही ड्रामा का डोज मिलना शुरू हो चुका है।