बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने राखी सावंत के एक विवादित और अश्लील कमेंट पर करारा जवाब दिया है। मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कंगना रनौत और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी को लेकर राखी की एक पॉडकास्ट बातचीत से जुड़ा है। राखी के बयान के बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे महिलाओं के चरित्र पर हमला बताया और राखी पर भी जमकर निशाना साधा।
राखी सावंत हाल ही में एक पॉडकास्ट में शामिल हुई थीं। बातचीत के दौरान उन्होनें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कंगना रनौत और स्मृति ईरानी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उनकी बातों में इन दोनों महिलाओं की राजनीतिक सफलता को प्रधानमंत्री से जोड़ते हुए एक अश्लील इशारा किया गया। जब होस्ट ने राखी की बात का मतलब स्पष्ट करने की कोशिश की, तो राखी ने इसे ‘प्यार’ और ‘सम्मान’ से जोड़कर समझाने की कोशिश की। हालांकि, उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इसे लेकर विवाद शुरू हो गया।
कंगना ने दिया करारा जवाब
राखी के बयान पर कंगना रनौत ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। कंगना ने कहा कि अक्सर जो लोग खुद सफल नहीं हो पाते, वे अपनी असफलता, जलन और अहंकार को सही ठहराने के लिए सफल महिलाओं के चरित्र पर सवाल उठाने लगते हैं। कंगना ने महिलाओं से अपील की कि उन्हें इस तरह के निजी हमलों से खुद को कमजोर महसूस नहीं करना चाहिए और हर बात पर सफाई देने की जरूरत नहीं है। इसके बाद कंगना ने सीधे राखी पर निशाना साधते हुए कहा कि सफलता हासिल करने के लिए किए गए तमाम कथित ‘फेवर’ भी उन्हें कोई काम नहीं दिला सके। कंगना ने यहां तक कह दिया कि उन्हें झाड़ू लगाने की भी नौकरी नहीं मिलेगी, क्योंकि उसके लिए भी कुछ क्वालिटी और टैलेंट की जरूरत होती है।
‘चरित्र हनन‘ पर कंगना की दो टूक
कंगना ने अपनी प्रतिक्रिया में सिर्फ राखी को जवाब नहीं दिया, बल्कि महिलाओं के चरित्र पर होने वाले हमलों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि सफल महिलाओं को बार-बार उनके काम के बजाय उनके चरित्र और निजी जिंदगी के आधार पर निशाना बनाया जाता है। कंगना इससे पहले भी महिलाओं के चरित्र हनन के खिलाफ अपनी आवाज उठा चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने एक अन्य विवाद के संदर्भ में कहा था कि सफल महिलाओं, अभिनेत्रियों और सत्ता में मौजूद महिलाओं को बदनाम करने के लिए उनके चरित्र को निशाना बनाना एक व्यापक समस्या है।
सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद
राखी सावंत के बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस शुरू हो गई है। एक तरफ लोग राखी की टिप्पणी को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी तरफ कंगना के जवाब को लेकर भी चर्चा हो रही है। फिलहाल इस पूरे विवाद ने एक बार फिर बॉलीवुड की दो चर्चित हस्तियों को आमने-सामने ला दिया है। राखी के बयान के जवाब में कंगना ने जिस अंदाज में पलटवार किया है, वह अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।