Ganesh chaturthi 2026 : गणेश चतुर्थी का त्योहार शुरू होते ही बाजारों में भगवान गणेश को प्रिय मोदक की अलग-अलग वैरायटी देखने को मिल रही हैं। इस बार महाराष्ट्र के नासिक में एक मिठाई की दुकान ने ऐसा मोदक तैयार किया है, जिसने अपनी कीमत और खास अंदाज की वजह से लोगों का ध्यान खींच लिया है। यहां 24 कैरेट सोने की परत से सजा ‘गोल्डन मोदक’ बिक्री के लिए उपलब्ध है।
नासिक के सागर स्वीट्स ने गणेशोत्सव के मौके पर 25 से ज्यादा तरह के खास मोदक तैयार किए हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा गोल्डन मोदक की हो रही है। इस मोदक में 24 कैरेट शुद्ध सोने की परत चढ़ाई गई है, जिसकी वजह से इसका लुक बाकी मिठाइयों से काफी अलग नजर आता है। दुकान की ओर से गोल्डन मोदक की कीमत 27,000 रुपये प्रति किलोग्राम रखी गई है। वहीं, इसी दुकान पर काजू मोदक करीब 2,000 रुपये प्रति किलोग्राम की कीमत पर उपलब्ध हैं। यानी गोल्डन मोदक सामान्य मोदक के मुकाबले काफी महंगा है।
25 से ज्यादा फ्लेवर में मोदक
सागर स्वीट्स पर सिर्फ गोल्डन मोदक ही आकर्षण का केंद्र नहीं है। यहां गणेशोत्सव के लिए अलग-अलग स्वाद और डिजाइन वाले 25 से ज्यादा प्रकार के मोदक तैयार किए गए हैं। इनमें काजू, ड्राई फ्रूट, ऑरेंज और मलाई जैसे फ्लेवर शामिल हैं। इसके अलावा बाजार में इस बार पारंपरिक स्वाद के साथ नए एक्सपेरिमेंट भी देखने को मिल रहे हैं। मैंगो सिगार, मथुरा पेड़ा, नारियल, गुलाब गुलकंद, थंड़ाई केसर, मावा और मोतीचूर जैसे स्वाद भी मोदक की अलग-अलग वैरायटी में शामिल हैं।
नई वैरायटी से ग्राहकों को लुभाने की कोशिश
गणेश चतुर्थी के दौरान मोदक की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए मिठाई की दुकानों ने पारंपरिक मोदक के साथ नए और प्रीमियम फ्लेवर पेश किए हैं। युवाओं और नई पीढ़ी को ध्यान में रखते हुए जेस्टफुल बॉल्स, बटरस्कॉच रॉशर, काजू बेमिसाल, काजू रोज फैंटसी, खजूर लड्डू और किवी-बादाम डिलाइट जैसे विकल्प भी बाजार में देखने को मिल रहे हैं।
गणेशोत्सव के 10 दिनों में भक्त भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाते हैं। ऐसे में इस बार 24 कैरेट सोने की परत वाला गोल्डन मोदक त्योहार की मिठाइयों में खास आकर्षण बना हुआ है।