रोजगार पाने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बने युवा, UP Trade Show से पहले CM योगी ने की ये अपील

रोजगार पाने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बने युवा, UP Trade Show से पहले CM योगी ने की ये अपील

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में कारोबार, निवेश और रोजगार के अवसरों को नई दिशा देने वाले UP International Trade Show 2026 (UPITS) की शुरूआत होने जा रही है। आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता के नाम पाती लिखी है। इसमें उन्होंने यूपी की आर्थिक क्षमता के साथ-साथ यहां के युवाओं, कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों की प्रतिभा को भी प्रदेश की बड़ी ताकत बताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि वह रोजगार देने वाले उद्यमी बनें। इसी उद्देश्य से सरकार की ओर से युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। चौथा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट (IEML) में आयोजित होगा और इस बार ऑस्ट्रिया, बेलारूस, जापान, रूस, सिंगापुर और वियतनाम को पार्टनर देश बनाया गया है।

ट्रेड शो के जरिए यूपी के उत्पादों को मिलेगा वैश्विक मंच

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में कहा कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों को दुनिया के बाजार तक पहुंचाने और कारीगरों, उद्यमियों व अन्नदाताओं की मेहनत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की शुरुआत वर्ष 2023 में की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सेवा का दायित्व संभालने के बाद सरकार के सामने रोजगार सृजन प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, एमएसएमई सेक्टर और ओडीओपी जैसी पहलों के जरिए 4 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं। इसी सफलता से प्रेरणा लेकर ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) जैसी नई पहल शुरू की गई है।

निवेश और निर्यात से बढ़ रहे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- कि उत्तर प्रदेश को बीमार प्रदेश की छवि से बाहर निकालकर उत्सव प्रदेश बनाना एक बड़ी चुनौती थी। लेकिन आज राज्य देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की निर्यात में भागीदारी 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अलावा देश और विदेश के उद्यमी प्रदेश में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं और 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। बड़े स्तर पर होने वाला निवेश निर्यात को बढ़ाने में मदद करता है। इससे रोजगार के नए अवसर तैयार होते हैं, जिसका फायदा प्रदेशवासियों और खास तौर पर युवाओं को मिलता है।

 

युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने पर सरकार का फोकस

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान केवल बाजार और जनशक्ति से नहीं होती। यहां के युवाओं का कौशल, कारीगरों की मेहनत, शिल्पकारों की कला और उद्यमियों की क्षमता भी प्रदेश की महत्वपूर्ण ताकत है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रदेश का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बने। इसलिए युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्टार्टअप नीति-2026 और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना जैसी पहल शुरू की गई हैं। जिसके जरिए युवाओं और कारीगरों को नवाचार, कौशल विकास, उत्पाद तैयार करने और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

युवाओं से ट्रेड शो में पहुंचने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, नवोन्मेषकों और भविष्य के उद्यमियों से ट्रेड शो का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा बड़ी संख्या में आयोजन में आएं, नए संपर्क बनाएं, बाजार को समझें और अपनी प्रतिभा के अनुसार नए अवसर तलाशें। उन्होंने कहा कि उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को अपने आसपास मौजूद अवसरों को भी पहचानना चाहिए। उनका एक नया विचार या छोटा प्रयास भविष्य में बड़े उद्यम का आधार बन सकता है।

ये भी पढ़ें:- सीएम योगी ने 912 चयनित अभ्यर्थियों को दिए नियुक्ति पत्र, बोले- अगले 6 महीने में 1 लाख से ज्यादा युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *