https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

UP Rajya Sabha Election: अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा उम्मीदवारों ने भरा नामांकन, जानिए कौन हैं राम गोपाल यादव और धनराज नाथवानी

UP Rajya Sabha Election: अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा उम्मीदवारों ने भरा नामांकन, जानिए कौन हैं राम गोपाल यादव और धनराज नाथवानी

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी अपने उम्मीदवारों के नाम सामने रख दिए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार, 30 सितंबर को पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेता प्रो. राम गोपाल यादव और कॉर्पोरेट जगत से जुड़े धनराज परिमल नाथवानी को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है। और दोनों प्रत्याशियों ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल कर दिया हैं।

प्रो. राम गोपाल यादव कौन हैं?

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव प्रो. राम गोपाल यादव का जन्म 29 जून 1946 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई में हुआ था। वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के चचेरे भाई हैं। और लंबे समय से पार्टी की राजनीति और संसदीय गतिविधियों में सक्रिय राम गोपाल यादव वर्तमान में राज्यसभा में सपा के फ्लोर लीडर हैं। राम गोपाल यादव ने भौतिकी में एमएससी, राजनीति विज्ञान में एमए और पीएचडी की पढ़ाई की है। राजनीति में आने से पहले वह भौतिकी के लेक्चरर के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

उनका संसदीय सफर 1992 में राज्यसभा से शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने 2004 तक उच्च सदन में लगातार दो कार्यकाल पूरे किए। वर्ष 2004 में वह लोकसभा पहुंचे और 2004 से 2008 तक संभल लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद 2008 में उन्होंने दोबारा राज्यसभा का रुख किया। वह 2014 और फिर 2020 में भी राज्यसभा के लिए चुने गए। राम गोपाल यादव लंबे समय तक समाजवादी पार्टी के संसदीय दल का नेतृत्व कर चुके हैं और वर्तमान में उच्च सदन में पार्टी के फ्लोर लीडर की भूमिका निभा रहे हैं।

धनराज परिमल नाथवानी कौन हैं?

समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा के लिए अपने दूसरे उम्मीदवार के तौर पर धनराज परिमल नाथवानी के नाम की घोषणा की है। धनराज, राज्यसभा सांसद और उद्योग जगत से जुड़े परिमल नाथवानी के बेटे हैं। वह कॉर्पोरेट क्षेत्र में अपनी पहचान रखने के साथ-साथ खेल प्रशासन से भी जुड़े हुए हैं। धनराज नाथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी में वह कॉर्पोरेट अफेयर्स, फाइनेंस, मानव संसाधन और सीएसआर जैसे कई गैर-तकनीकी विभागों की जिम्मेदारी संभालते हैं। इसके अलावा गुजरात के जामनगर और वडोदरा स्थित रिलायंस के मैन्युफैक्चरिंग डिवीजन के कामकाज की भी निगरानी करते हैं। रिलायंस समूह की कई प्रमुख कंपनियों में वह निदेशक की भूमिका भी निभा चुके हैं, जिनमें रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड भी शामिल है।

कॉर्पोरेट क्षेत्र के अलावा धनराज नाथवानी खेल प्रशासन में भी सक्रिय हैं। वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के अध्यक्ष हैं। साल 2022 में उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्थान पर सर्वसम्मति से GCA का अध्यक्ष चुना गया था। वह गुजरात स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष के तौर पर भी खेल गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। धनराज नाथवानी द्वारकाधीश मंदिर की प्रशासनिक समिति यानी द्वारका देवस्थान समिति के वाइस-चेयरमैन भी हैं। इसके अलावा उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित मेगा म्यूजिकल शो ‘राजाधिराज: लव. लाइफ. लीला’ को प्रोड्यूस किया है।

वहीं अगर शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो धनराज ने लंदन के रीजेंट बिजनेस स्कूल से इंटरनेशनल बिजनेस में बैचलर डिग्री हासिल की है। उन्हें पर्यावरण, वन्यजीव संरक्षण और फोटोग्राफी में भी रुचि है। गुजरात में वन्यजीव संरक्षण, खास तौर पर गिर के शेरों से जुड़े अभियानों में भी उनकी भागीदारी रही है।

16 अक्टूबर को होगा राज्यसभा चुनाव

बता दें कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के नौ सदस्यों का मौजूदा कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इनमें बीजेपी के हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, बनवारी लाल वर्मा, बृज लाल, नीरज शेखर, सीमा द्विवेदी और गीता शाक्य के अलावा समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव और बहुजन समाज पार्टी के रामजी गौतम शामिल हैं। वहीं, बीजेपी के दिनेश शर्मा ने 11 सितंबर 2026 को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है, जबकि समाजवादी पार्टी ने भी दो प्रत्याशियों की घोषणा करते हुए उनका नामांकन दाखिल करा दिया है। हालांकि, सपा की ओर से तीसरे उम्मीदवार के नाम का ऐलान अभी बाकी है। ऐसे में अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी तीसरी सीट के लिए किसे मैदान में उतारती है।

ये भी पढ़ें:- UP विधानसभा चुनाव में ‘हनुमान’ की एंट्री! सपा के नए पोस्टर ने खींचा सबका ध्यान, ‘विजय भवः 2027’ का संदेश

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *